
आलोट। नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक के साथ लूट की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने युवक को झांसे में लेकर उसके हाथ से चांदी का कड़ा छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भीम निवासी 19 वर्षीय अनुरागसिंह मंगलवार की सुबह करीब 10:30 बजे अपनी बुआ के साथ आधारकार्ड सुधरवाने के लिए आलोट आया था। बस स्टैंड पर उतरने के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया और बातचीत के बहाने उसे बहलाने लगा। इसी दौरान आरोपी ने युवक के हाथ में पहना चांदी का कड़ा निकाल लिया।पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने पहले दोस्ताना व्यवहार किया, फिर चालाकी से कड़ा निकालकर मौके से भाग निकला। घटना इतनी तेजी से हुई कि युवक संभल भी नहीं पाया। आरोपी के भागने के बाद युवक ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।घटना की सूचना परिजनों को देने के बाद पीड़ित ने थाना आलोट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बस स्टैंड क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।