रसोई गैस के दाम बढ़े, आमजन में आक्रोश।

60 रुपए बढ़ोतरी के साथ 21 दिन बाद ही होगी बुकिंग।

आलोट।
महंगाई की मार झेल रहे आमजन को एक बार फिर झटका लगा है। एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस फैसले से खासकर गृहणियों के किचन का बजट गड़बड़ा गया है। वहीं अब गैस सिलेंडर की बुकिंग भी 15 दिन के बजाय 21 दिन बाद ही हो सकेगी, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

नगर के लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई ने पहले ही घर का खर्च संभालना मुश्किल कर दिया है, ऐसे में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाना आमजन की जेब पर सीधा असर डालने वाला फैसला है। आने वाले समय में तीज-त्योहार और शादी-ब्याह का सीजन भी शुरू होने वाला है, ऐसे में इस बढ़ोतरी का असर साफ दिखाई देगा।

एडवोकेट अशोक पांचाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि लोग कई सालों से अच्छे दिनों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। हर चीज के दाम लगभग दोगुने हो चुके हैं, जिससे हर वर्ग परेशान है।

वहीं समाजसेवी एवं सराफा अध्यक्ष प्रकाश जांगलवा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से अधिकांश चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। सोना-चांदी के भाव इतने बढ़ गए हैं कि आम आदमी की पहुंच से दूर हो गए हैं। खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा के सामान तक सब कुछ महंगा हो गया है।

इधर गृहणियों ने भी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर नाराजगी जताई। गृहणी सीमा ने कहा कि पहले ही घर का बजट संभालना मुश्किल हो रहा है, ऐसे में गैस के दाम बढ़ने से किचन चलाना और कठिन हो जाएगा।
गृहणी कविता का कहना है कि हर महीने महंगाई बढ़ती जा रही है, लेकिन आम आदमी की आमदनी नहीं बढ़ रही।
वहीं पायल ने कहा कि गैस सिलेंडर महंगा होने से सीधे रसोई पर असर पड़ता है और इसका बोझ सबसे ज्यादा गृहणियों को उठाना पड़ता है।

नगरवासियों का कहना है कि यदि इसी तरह महंगाई बढ़ती रही तो आने वाले दिनों में आम आदमी के लिए घर चलाना और मुश्किल हो जाएगा।

More From Author

प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में कुंवर रणजीत सिंह हुए उपस्थित।

सड़क से लेकर आसमान तक छाया पंचमी का उल्लास।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *