श्रेष्ठ परिणाम में प्रदेश के सात विद्यालयों में सांदीपनि विद्यालय पिपलौदा चयनित
शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

रतलाम 29 जुलाई 2026 ( News SSR )गुरू पूर्णिमा महोत्सव पखवाड़ा का समापन सांदीपनि विद्यालय में समारोहपूर्वक किया गया। इस दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा वर्षभर मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को भी विधायक डॉ.राजेन्द्र पाण्डेय के आतिथ्य में सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती पूजन तथा वंदना के साथ हुई। विद्यालय में स्थापित नवीन वाटर कुलर का शुभारंभ भी विधायक डॉ.पाण्डेय तथा अतिथियों ने पानी पी कर किया। प्राचार्य संजय कुमार शर्मा ने बताया कि गतवर्ष आयोजित बोर्ड परीक्षा में कक्षा 12 वी का शतप्रतिशत परिणाम रहा तथा सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए इस उपलब्धि के फलस्वरूप सांदीपनि विद्यालय पिपलौदा प्रदेश के सात चयनित विद्यालयों में शामिल हुआ है। कार्यक्रम में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 वी कक्षा के 18 तथा 12 वी कक्षा के 19 परीक्षार्थियों एवं उनके पालकों को सम्मानित किया गया।
गुरू पूर्णिमा महोत्सव के दौरान विद्यालय में 13 दिनों तक अन्य विद्यालयों को नवाचार की जानकारी, भाषण, निबन्ध तथा संस्कृत श्लोक पाठ प्रतियोगिता, पर्यावरण व स्वच्छता जागरूकता,नशामुक्ति संकल्प, योग,ध्यान, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, कॅरियर मार्गदर्शन तथा भारतीय दर्शन में गुरू शिष्य परम्परा के विषय में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें प्रेरक वक्ताओं के साथ ही जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ.राजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय बनने के बाद छात्रों की शिक्षा का जो बदलाव पिपलौदा में दिख रहा है, यह गौरव का विषय है। विद्यार्थियों ने अपने गुरूओं के सफल मार्गदर्शन का लाभ लेकर अपने भविष्य को सुरक्षित किया है। लगातार दूसरे वर्ष इस प्रकार की सफलता को दोहराना यह बताता है कि विद्यालय में अकादमिक गतिविधियां विद्यार्थियों के हितों को देख कर संचालित की जा रही है। इसके लिए योजना, प्रयास और प्रेरणा के साथ ही अनुशासित विद्यार्थियों की लगन का होना आवश्यक है। पुरे प्रदेश के सात विद्यालयों में तथा जिले का एकमात्र विद्यालय होना यह दर्शाता है कि विद्यालय में शिक्षा का स्तर उच्चतम है, और यहां के शिक्षक समर्पित भाव से अध्यापन करवाते हैं।
कार्यक्रम में अतिथि नगर मण्डल अध्यक्ष प्रवीणसिंह राठौर, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रफुल्ल जैन, जिला सलाहकार समिति के सदस्य मुकेश मोगरा, एल्डरमेन प्रकाश जायसवाल तथा मण्डल महामंत्री भंवरगिर गोस्वामी ने संबोधित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में पिपलौदा नगर की उपलब्धि और शिक्षकों के परिश्रम की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री संजय भट्ट ने किया तथा आभार प्राचार्य श्री संजय कुमार शर्मा ने माना।