
आलोट। ( News SSR ) पूरे प्रदेशभर में चल रहे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत स्थानीय महावीर व्यायामशाला में पुलिस विभाग एवं खेल विभाग द्वारा मलखंभ प्रतियोगिता आयोजित की गई एवं नशे की लत से दूर रहने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के पूर्व बालाजी महाराज की आरती की गई इसके पश्चात व्यायामशाला द्वारा अतिथि महानुभावों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी पल्लवी गौर, महावीर व्यायामशाला के उस्ताद कमलाशंकर मेवाड़ा, महावीर व्यायामशाला के अध्यक्ष राजेश प्रजापति, श्री रणजीत हनुमान व्यायामशाला उस्ताद उन्कारलाल खारोल, श्री राम व्यायामशाला उस्ताद दिलीप खरे, श्री बजरंग व्यायामशाला विक्रमगढ़ उस्ताद सुरेश माली, स्पोर्ट्स एसोसिएशन आलोट के सचिव अतुल वर्मा, मंदसौर जिला बॉलीवॉल कोच अभिषेक सेठिया ने मंच की शोभा बढ़ाई। इसके बाद एसडीओपी पल्लवी गौर ने नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नशे को ना, खेलो को हां विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान व्यायामशाला के अध्यक्ष राजेश प्रजापति ने खेलो से होने वाले लाभ ओर नशे से होने वाले नुकसान के बारे में अपनी बात रखी। इसके बाद व्यायामशाला के नन्हें पहलवानों ने हैरत अंगेज करतब मलखंभ पर दिखाए एवं बड़े पहलवानों ने एक से बढ़कर एक आकृतियां मलखंभ पर बनाई। उपस्थित नागरिकों ने पहलवानों का जयकारों ओर तालियों से उत्साह वर्धन किया। कार्यक्रम में व्यायामशाला के पहलवान सुरेश प्रजापति, अनिल मेवाड़ा, अरुण प्रजापति, अनिल प्रजापति, भोला पहलवान, जुगल पहलवान, सन्नी पहलवान, सोहेल साठिया, कान्हा सोलंकी पहलवान सहित कई पहलवान एवं अखाड़ा प्रेमी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन व्यायामशाला के गौरव भैंसोटा ने किया।