
रतलाम 02अगस्त 2026 ( News SSR )शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान रुडी स्थित सुनार बावड़ी इलाके में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मामूली पारिवारिक विवाद के बाद पति ने अपनी ही पत्नी की गले पर चाकू से घोंपकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के समय घर में चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनार बावड़ी निवासी 35 वर्षीय अली असगर का विवाह लगभग 10 वर्ष पूर्व लक्कड़ पीठा निवासी 32 वर्षीय रुकैया के साथ हुआ था। दंपति के दो मासूम बच्चे (8 वर्ष की बेटी और 2 वर्ष का बेटा) हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते काफी उग्र हो गई। गुस्से में आपा खो चुके अली असगर ने पत्नी पर हमला कर दिया और चाकू से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे रुकैया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मासूम बेटी की चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसी
घटना के वक्त घर में मौजूद 8 वर्षीय मासूम बेटी घबराकर चिल्लाने लगी। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। अंदर का नज़ारा देखकर पड़ोसियों के होश उड़ गए। उन्होंने बिना समय गंवाए आरोपी पति को दबोच लिया और तुरंत माणकचौक पुलिस को सूचना दी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
सूचना मिलते ही माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने भिजवाया। इसके बाद एफएसएल (फॉरेंसिक) अधिकारी अतुल मित्तल ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य एकत्र किए।
थाना प्रभारी श्री चौहान के अनुसार “आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया गया है। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है, जांच के बाद ही विवाद की मुख्य वजह स्पष्ट हो सकेगी।”