
रतलाम,12 अगस्त ( News SSR )। शहर के प्रमुख सर्राफा बाजार चांदनी चौक स्थित ‘महावीर ज्वेलर्स’ के संचालक रवि मोठिया (46) ने मंगलवार देर रात सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। घटना डेलनपुर और धामनोद के बीच स्थित प्रेम वाटिका होटल की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, परिजनों ने मंगलवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही सैलाना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को कमरे से सल्फास के पाउडर व गोलियों के खाली पाउच और उल्टी के निशान मिले हैं।
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। होटल प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है कि मृतक होटल कब और किन परिस्थितियों में पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या के असली कारणों का पता परिजनों के बयान के बाद ही चलेगा। फिलहाल कर्ज समेत अन्य संभावित बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।