दो बत्ती घोड़ा चौराहे पर अवैध चौपाटी के खिलाफ निगम का बुलडोजर, हड़कंप

कार्रवाई के विरोध में जेसीबी पर चढ़े दुकानदार, पुलिस के हस्तक्षेप और समझौते के बाद आधे घंटे रुकी कार्रवाई

रतलाम, 18 अगस्त ( News SSR )। शहर के व्यस्ततम दो बत्ती क्षेत्र स्थित घोड़ा चौराहे पर लगने वाली अवैध चौपाटी को हटाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को सख्त रुख अपनाया। दोपहर में तीन जेसीबी और भारी अमले के साथ पहुंची निगम की टीम ने चौपाटी पर कब्जा जमाए करीब 50 से अधिक ठेला और दुकान संचालकों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को सामान और ठेले हटाने का पर्याप्त समय दिया, जिसके बाद अधिकांश दुकानदारों ने अपने ठेले और दुकानें खुद ही हटा लीं। इसके तुरंत बाद निगम की जेसीबी ने चौपाटी स्थल पर अवैध रूप से बनाए गए सीमेंट-कॉन्क्रीट के ढांचों को उखाड़ना शुरू कर दिया।

जेसीबी पर चढ़कर जताया विरोध
कार्रवाई शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद कुछ दुकानदार उग्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। विरोध के दौरान कुछ दुकानदार चलती जेसीबी के ऊपर चढ़ गए और निगम की कार्रवाई को बलपूर्वक रोक दिया। दुकानदारों का आरोप था कि निगम प्रशासन ने उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के अचानक यह कार्रवाई की है।

पुलिस के पहुंचने पर बनी सहमति, आधे घंटे मिली राहत
स्थिति बिगड़ती देख निगम अधिकारियों ने तत्काल स्टेशन रोड थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के सामने भी दुकानदारों ने अपनी मांग रखी। दुकानदारों ने निवेदन किया कि उन्हें नगर निगम आयुक्त अनिल भाना से मुलाकात कर अपना पक्ष रखने का समय दिया जाए और तब तक के लिए कार्रवाई रोकी जाए। प्रशासन और पुलिस की सहमति के बाद कार्रवाई को आधे घंटे के लिए स्थगित किया गया।

More From Author

रतलाम / ड्राइवर ने पार की 250 ग्राम चांदी की पायले, एसपी की जनसुनवाई में शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज

मिलना-बिछडना संसार का सत्य- श्रमण संघीय प्रर्वतक श्री प्रकाशमुनिजी मसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *