दुकान के बाहर टहल रहे थे 60 वर्षीय विश्वेश्वर पाल; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

रतलाम,19अगस्त( News SSR )। बाजना के ठिकरिया रोड पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में शराब दुकान के मैनेजर की दर्दनाक मौत हो गई। खाना खाने के बाद दुकान के बाहर टहल रहे 60 वर्षीय विश्वेश्वर पाल को एक तेज रफ्तार बाइक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बाजना के ठिकरिया रोड पर ‘मां चामुंडा एंटरप्राइजेस’ की शराब दुकान संचालित है। यहां मैनेजर के रूप में कार्यरत विश्वेश्वर पाल मंगलवार रात करीब 9:30 बजे खाना खाने के बाद दुकान के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान दुकान से लगभग 50 मीटर दूर बाइक (MP-45 MR 5753) के चालक ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
टक्कर इतनी तेज थी कि पाल उछलकर पीछे की ओर जा गिरे। सड़क पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वे खून से लथपथ हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों और दुकान के कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल बाजना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
साथियों के अनुसार, मृतक विश्वेश्वर पाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के रहने वाले थे। उनका परिवार वर्तमान में इंदौर के विजयनगर क्षेत्र में रहता है, जबकि पाल बाजना में शराब दुकान के कार्यालय में ही रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
बाजना थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने बाइक जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।