ईद-ए-मिलाद जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख बाजारों में व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रतलाम | दिनांक 25 अगस्त 2026( News SSR ) आगामी त्योहारों ईद-ए-मिलाद, रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी के दृष्टिगत रतलाम पुलिस द्वारा शहर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों, मुख्य बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विशेष रूप से ईद-ए-मिलाद के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के निर्धारित मार्ग का पैदल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थानों का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जुलूस मार्ग का किया गया विस्तृत निरीक्षण
दिनांक 26 अगस्त 2026 को ईद-ए-मिलाद पर्व के अवसर पर जुलूस सुबह 08:00 बजे आबकारी चौराहा से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए पुनः आबकारी चौराहा पर समाप्त होगा।

जुलूस का निर्धारित मार्ग इस प्रकार रहेगा
आबकारी चौराहा → हरदेवलाला पिपली → तोपखाना → गणेश देवरी → डालूमोदी → चिंतामन गणेश मंदिर → महलवाड़ा → सूरजपोल → मोचीपुरा → काजीपुरा → शैरानीपुरा → जमातखाना → आनंद कॉलोनी → कांवेंट तिराहा → कोर्ट तिराहा → अम्बेडकर तिराहा → स्टेशन रोड थाना → दो बत्ती चौराहा → न्यू रोड → लोकेन्द्र टॉकीज → शहर सराय → शहीद चौक → आबकारी चौराहा।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जुलूस मार्ग के प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं आवश्यक पुलिस बल की तैनाती के संबंध में निर्देशित किया गया।
मुख्य बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भी निरीक्षण
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर आगामी त्योहारों के दौरान संभावित भीड़ एवं यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान बाजार क्षेत्रों में आमजन की सुविधा के साथ-साथ सुगम यातायात सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन, नो-व्हीकल जोन एवं पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
साथ ही, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, सतत पेट्रोलिंग एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता
पुलिस अधिकारियों द्वारा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही जुलूस मार्ग एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों, उपलब्ध तकनीकी संसाधनों एवं पुलिस पेट्रोलिंग के माध्यम से निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आमजन की सुरक्षा तथा यातायात को सुचारू रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा।

आमजन से सहयोग की अपील
रतलाम पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं में सहयोग करें। जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग, यातायात डायवर्जन एवं नो-व्हीकल जोन का पालन करते हुए अनावश्यक असुविधा से बचें।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, डीएसपी आनंद सोनी, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।