संगठन के पदाधिकारी पर प्रकरण दर्ज होने से आक्रोशित सकल हिंदू समाज ने लॉ कॉलेज का किया घेराव

​रतलाम, 23 सितंबर।( News SSR ) शहर के आनंद कॉलोनी स्थित डॉ. कैलाशनाथ काटजू विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) में दो दिन पूर्व हुआ गरबा विवाद अब और गहरा गया है। हिंदू संगठन के पदाधिकारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने से नाराज सकल हिंदू समाज और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बुधवार दोपहर लॉ कॉलेज का घेराव करते हुए उग्र नारेबाजी की और प्रदर्शन किया।

घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव और औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

क्या है पूरा मामला ?
​सोमवार दोपहर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि लॉ कॉलेज के सभागृह में गणेश उत्सव के दौरान ‘कपल गरबा’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके बाद बजरंग दल के सह संयोजक सुनील राठौड़ कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज पहुंचे और कार्यक्रम बंद करवा दिया।

​अगले दिन मंगलवार को कॉलेज के विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि संगठन के पदाधिकारियों ने कॉलेज परिसर में बिना अनुमति प्रवेश किया, शिक्षकों से अभद्रता की और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। विद्यार्थियों की शिकायत के बाद संगठन के पदाधिकारी पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया। इसी एफआईआर के विरोध में बुधवार को हिंदू समाज के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज का घेराव किया।

महाविद्यालय की प्रिंसिपल अनुराधा तिवारी के अनुसार कॉलेज में कपल गरबा का कोई आयोजन नहीं हो रहा था। सह-शिक्षा (Co-education) संस्थान होने के कारण गणेश उत्सव के दौरान छात्राएं सामूहिक गरबा नृत्य कर रही थीं और छात्र हॉल में उपस्थित थे। संगठन के लोग आए और कहने लगे कि कपल गरबा चल रहा है, इसे तुरंत बंद करो। हमने उसी समय नृत्य बंद करवा दिया था। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है, विद्यार्थियों ने स्वयं कलेक्टर और एसपी को प्रतिवेदन दिया है।”

संस्कृति बचाव मंच व सकल हिंदू समाज के पदाधिकारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया ​”हमने पूर्व में भी प्रशासन को ज्ञापन देकर इस प्रकार के इवेंट्स पर रोक लगाने की मांग की थी। सूचना मिलने पर जब हमारे कार्यकर्ता कॉलेज गए थे, तो सब कुछ शांतिपूर्ण और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में हुआ था। कॉलेज प्रबंधन और विद्यार्थियों द्वारा हमारे कार्यकर्ताओं पर अभद्रता का झूठा आरोप लगाकर दर्ज कराई गई एफआईआर पूरी तरह से गलत है। इसी झूठी एफआईआर के विरोध में आज हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया है।”

More From Author

रतलाम: ग्रीन पार्क कॉलोनी में देर रात पुलिस की रेड, जुआ खेलते 9 आरोपी गिरफ्तार; 68 हजार रुपये नकदी जब्त

तीन मासूम बच्चियों से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories