उज्जैन में खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने तक 32 फीट चौड़ा होगा मार्ग; हिंदू-मुस्लिम एकता और समरसता का प्रतीक बना अब्दालपुरा

उज्जैन, 27 सितंबर ( News SSR )। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों और उज्जैन के सुंदरीकरण के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद पहल कर एक अनोखी मिसाल कायम की है। रविवार सुबह 10:00 बजे अपने मूल निवास अब्दालपुरा पहुंचे मुख्यमंत्री ने मकान नंबर 180 पर विधिवत पूजन करने के बाद खुद गेंती चलाकर अपने पैतृक मकान को तोड़ने की शुरुआत की।
खजूर वाली मस्जिद से लेकर जीवाजीगंज थाने तक के इस मार्ग को 32 फीट चौड़ा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस कदम से शहरवासियों में यह संदेश गया है कि विकास और जनहित के कार्यों में कोई ‘खास’ या ‘आम’ नहीं है—नियम और विकास योजनाएं सभी के लिए समान हैं। सड़क के दूसरी तरफ मुख्यमंत्री की बहन एवं नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव का घर भी स्थित है, जो इस चौड़ीकरण की जद में आ रहा है और उसे भी नियमानुसार हटाया जा रहा है।

हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बना अब्दालपुरा
अब्दालपुरा उज्जैन की एक बेहद पुरानी और घनी बस्ती है, जहाँ खजूर वाली मस्जिद और जीवाजीगंज थाने के बीच लगभग 272 मकान स्थित हैं। इस क्षेत्र में हिंदू, मुस्लिम और बोहरा समुदाय के लोग वर्षों से सौहार्दपूर्वक रह रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा अपने मकान से चौड़ीकरण की शुरुआत करने के बाद, स्थानीय रहवासी भी सहर्ष और खुशी-खुशी अपने मकानों के प्रभावित हिस्सों को खुद हटाने के लिए आगे आ रहे हैं।
स्थानीय रहवासी कादर भाई का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी। उन्होंने कहा, “इस इलाके में मकान भले ही छोटे-बड़े हों, लेकिन लोगों के दिल बहुत बड़े हैं। चौड़ीकरण से आवागमन बेहद आसान हो जाएगा।”
पड़ोसी पवन पांचाल के अनुसार यह चौड़ीकरण पूरे क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा। इससे न केवल आवागमन सुलभ होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार-व्यवसाय को गति मिलेगी और संपत्ति का मूल्य भी बढ़ेगा।
स्थानीय व्यवसायी नरेंद्र जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार का मकान टूटने से शहर में यह सकारात्मक संदेश गया है कि सिंहस्थ की तैयारियों में हर नागरिक बराबर का सहभागी है।
पूर्व पार्षद जगदीश पांचाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विकसित उज्जैन के सपने को साकार कर रहे हैं, जिससे सिंहस्थ में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, संजय अग्रवाल, जगदीश पांचाल, नीलेश यादव, राकेश पंड्या, विवेक गुप्ता सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।