सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत

अब विधानसभा और सड़क के साथ-साथ अदालतों में भी गरीबों, आदिवासियों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे डोडियार

भोपाल/सैलाना।( News SSR ) सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद (Bar Council of Madhya Pradesh) में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हो गए हैं। इस उपलब्धि के साथ ही अब वे जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी संवैधानिक और राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ विधिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण के बाद विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि वे जिला न्यायालयों में नियमित रूप से अधिवक्ता के रूप में अभ्यास करने के साथ-साथ मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में भी प्रदेश के आदिवासियों, गरीबों, वंचितों और शोषित वर्गों के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के लिए निरंतर कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

डोडियार ने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई केवल विधानसभा और सड़कों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अब अदालतों में भी पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाएगी। हमारा उद्देश्य उन लोगों को न्याय दिलाना है, जिनकी आवाज अक्सर सत्ता, व्यवस्था और संसाधनों के अभाव में दब जाती है। गरीबों, आदिवासियों, वंचितों, शोषितों और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए वे कानून और संविधान को एक प्रभावी माध्यम के रूप में इस्तेमाल करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, गरिमा और न्याय का अधिकार दिया है। विशेषकर आदिवासी समाज के जल, जंगल, जमीन, संवैधानिक संरक्षण, अनुसूचित क्षेत्रों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर विधिक स्तर पर भी मजबूती से संघर्ष किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि विधायक कमलेश्वर डोडियार ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित कैंपस लॉ सेंटर से विधि स्नातक (LL.B.) की शिक्षा प्राप्त की है तथा वर्तमान में भोपाल स्थित देश के प्रतिष्ठित विधि संस्थानों में शामिल नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (NLIU), भोपाल से विधि में स्नातकोत्तर (LL.M.) की पढ़ाई कर रहे हैं।

विधायक कमलेश्वर डोडियार का अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण उनके सार्वजनिक जीवन में एक नया अध्याय है। अब वे जनप्रतिनिधि और अधिवक्ता, दोनों भूमिकाओं में संविधान प्रदत्त अधिकारों, सामाजिक न्याय और आम जनता के हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे।

More From Author

श्रमण संघीय प्रवर्तक श्री प्रकाशमुनिजी मसा का 66 वां जन्मोत्सव तप, त्याग के साथ मनेगा

नागरवास में 21 वां अन्नकूट महोत्सव व महाप्रसादी 1 दिसम्बर को

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *