रतलाम। कुंडाल गांव पहुंचे सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा हम प्रदेश के किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाएंगे। दूध उत्पादन में तेजी लाकर वर्ष 2028 तक मध्यप्रदेश को मिल्क केपिटल बनाएंगे। हमारी सरकार अब गाय का दूध भी खरीदेगी।
सीएम ने अपने भाषण में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बगैर निशाना साथा। सीएम ने कहा कि इनके कुकर्मों के कारण कांग्रेस धीरे-धीरे साफ होती जा रही है। रतलाम ग्रामीण विधानसभा के गांव कुंडाल में सीएम का कार्यक्रम दोपहर 12.15 बजे से तय था। लेकिन वह एक घंटे देरी से पहुंचे। जबकि वह शनिवार रात ही रतलाम में आ गए थे।
246 करोड़ रुपए का भूमिपूजन
सीएम डॉ. मोहन यादव ने रिमोट का बटन दबाकर जिले में 246 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। करीब 246 करोड़ रुपए की लागत वाले विभिन्न 57 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 158.64 करोड़ के 37 कार्यों का लोकार्पण और 87.27 करोड़ लागत के कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर की मांग पर सीएम ने क्षेत्र के धार्मिक स्थल कोटेश्वर एवं विरुपाक्ष महादेव मंदिर में विकास कार्य योजना बनाने को कहा।
आदिवासी परंपरानुरूप किया स्वागत
सीएम का रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर व उनके बेटे धन्नालाल डामर ने सीएम को आदिवासी बंडी (जैकेट), पगड़ी, चांदी का कड़ा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान सीएम को तीर कमान भी दिया। सीएम ने सबसे पहले बालिकाओं का पूजन किया। फिर जनता पर गुलाब के फूल बरसाए।
अटलबिहारी को किया याद
सीएम ने कहा कि हमारा जन्म नहीं हुआ उसके पहले से अटलबिहारी जी का नाम चल रहा है। 50 साल तक अटलजी ने विपक्ष के नेता के रूप में देश को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। यह विपक्ष के नेता का पद है। लेकिन बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है आज के विपक्ष के नेता प्रतिपक्ष की तुलना कैसे करे।
कांग्रेस के लोगों को जाने क्या हो जाता है। जनता उन्हें नकार देती है। उनकी खींच निकालने के लिए सुप्रीम कोर्ट का अपमान करते है। चुनाव आयोग का अपमान करते है और सेना का भी अपमान करते है। पता नहीं यह लोग क्या-क्या चाहते है। जनता इन्हें माफ नहीं करेगी।
इनके कुकर्मों के कारण कांग्रेस धीरे-धीरे साफ होती जा रही है। लेकिन भाई (राहुल गांधी) है कि मानते नहीं है। आज उनकी मानसिकता सामने नजर आ रही है। जबकि आज भारत कहां पहुंच रहा है।
जावरा से उज्जैन तक ग्रीन कॉरिडोर बनेगा
सीएम ने कहा कि हम बहुत जल्द मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा योजना के जरिए प्रदेश में फिर से सार्वजनिक बस परिवहन सेवा शुरू कर रहे है। इसकी शुरुआत भी मालवा अंचल से होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जावरा से उज्जैन तक बेहतरीन ग्रीन कॉरिडोर बनाया जा रहा है। इसका सर्वाधिक लाभ रतलाम जिले को ही मिलेगा।
सीएम ने कहा कि एक तरफ तमाम-एक तरफ रतलाम यही इस जिलेवासियों की पुरानी पहचान है। यहां के सोना आभूषण, नमकीन और तेल वाली कचौड़ी ने रतलाम को पूरे विश्व में एक अलग पहचान दिलाई है।
बिजली बिल से दिलाएंगे मुक्ति
सीएम ने कहा कि हम दूध उत्पादन के लिए जरिए पशुपालकों की आय बढ़ाएंगे। सरकार गाय का दूध, घी भी खरीदेगी। जिससे किसान पशुपालन के साथ अपनी आमदनी बढ़ा पाएंगे। हम प्रदेश के किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं।
दुध उत्पादन में तेजी लाकर हम वर्ष 2028 तक मध्यप्रदेश को मिल्क केपिटल बनाएंगे। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के जरिए हमने तय किया है कि 25 गाय और 42 लाख रुपये तक की गौशाला यूनिट स्थापित करने पर दूध और अन्य उत्पाद तो पशुपालक के होंगे, सरकार पशुपालक को 10 लाख रुपए प्रोत्साहन अनुदान के रूप में देगी।
सीएम ने यह भी कहा कि किसानों को सोलर पंप देकर बिजली बिल से मुक्ति दिलाई जाएगी।
रतलाम खाचरौद के बीच बनेगी फोरलेन
सीएम ने क्षेत्रीय ग्रामीणों की सुविधा के लिए प्रस्तावित 113 करोड़ रुपए की पेयजल योजना और मोरकुंडवा सिंचाई योजना को भी मंजूरी दी। सीएम ने कहा कि रतलाम और खाचरोद के बीच परीक्षण कराकर 220 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन रोड़ बनाई जाएगी।
उन्होंने सैलाना को लेकर कहा कि जनहित में सरकार हर घड़ी उनके साथ खड़ी है। खरमोर पक्षी अभयारण्य के कारण सैलानावासियों को हो रही परेशानी के समाधान की तलाश की जा रही है। जिससे कठिनाई दूर होगी।
5 साल में 2.5 लाख शासकीय पदों पर भर्ती करेगी सरकार
- रतलाम के समीप धार जिले में बदनावर के निकट पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन होने वाला है। इस पार्क से करीब एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
- पार्वती-काली सिंध-चंबल राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना से हम रतलाम जिले के एक-एक गांव और खेत तक पानी पहुंचाएंगे।
- सभी किसानों को सोलर पॉवर पंप देंगे। इससे किसान अपने खेतों में सिंचाई के लिए खुद बिजली पैदा करेंगे।
- सोलर पंप के जरिए हम किसानों को बिजली बिल से हमेशा के लिए मुक्ति दिलाएंगे।
- हमारी सरकार अगले 5 साल में 2.5 लाख शासकीय पदों पर भर्ती करेगी।
- अगले तीन साल में पुलिस विभाग के सभी रिक्त पद भर दिए जायेंगे।
- स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाले उद्योगपतियों को 5 हजार रुपए प्रति व्यक्ति की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
कैबिनेट मंत्री के निवास पर गए सीएम
सीएम कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप के स्टेशन रोड स्थित निवास स्थान पर गए। परिजनों ने सीएम का स्वागत किया। इसके बाद सीएम महापौर प्रहलाद पटेल के पिता के हाल ही में हुए निधन पर उनके घर पहुंचे। महापौर के पिता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि दी। महापौर से मिले।
यह रहे मौजूद
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप क्षेत्रीय सांसद अनीता सिंह चौहान, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, पूर्व सासंद गुमानसिंह डामोर, पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, पूर्व विधायक दिलीप मकवाना, जनपद अध्यक्ष साधना जायसवाल समेत बड़ी संख्या में रतलाम ग्रामीण की जनता मौजूद रही। सीएम गांव कुंडाल में बनाए गए हेलिपेड से मंदसौर के लिए रवाना हो गए।