रतलाम। जिले के रावटी थाना अंतर्गत हुए एक अंधेकत्ल का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। महिला की हत्या उसके ही अपनों ने अंधविश्वास के चलते डायन मानकर कर दी। पुलिस ने मृतिका की जेठानी और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार व अन्य सामग्री बरामद की है।
24 सितम्बर को रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम भीमपुरा में नानीबाई उर्फ नर्मदाबाई पति कैलाश भूरिया 48 वर्ष की हत्या कर दिए जाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्राथमिक कार्यवाही कर फरियादी हरिराम पिता भूरजी गामड़ निवासी ग्राम भेतिया, रावटी की
रिपोर्ट पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभकी गई।
घटना की गंभीरता के एसपी अमित कुमार के निर्देशन में एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन में एसडीओपी सैलाना श्रीमति नीलम बघेल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों, एफएसएल प्रभारी श्री अतुल मित्तल, सायबर टीम, डॉग स्क्वाड सहित पुलिस की विशेष टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण एवं साक्ष्य संकलन किया गया। जमीनी पुलिसिंग, घटना स्थल से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों, परिजनों व संदेहियों से गहन पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आए कि मृतिका की जेठानी धन्नाबाई पति बद्री भूरिया, एवं उसके पुत्र शंकर भूरिया एवं बापु भूरिया ने अंधविश्वास वश मृतिका को डाकन (डायन) मानकर षड्यंत्रपूर्वक उसकी हत्या की।
आरोपियों ने मृतिका को घर में अकेला पाकर कुल्हाड़ी एवं लोहे की पाइप से वार कर हत्या कर दी तथा शव को छत से नीचे फेंक दिया।
हत्या का कारण
आरोपियों के परिवार में लगातार बीमारियों के चलते हुई मृत्यु को लेकर आरोपियों ने मृतिका को जिम्मेदार ठहराया। अंधविश्वास एवं तंत्र-मंत्र की भ्रांत धारणाओं के चलते आरोपियों ने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
रावटी पुलिस के साथ ही सायबर सेल से प्र आर मनमोहन शर्मा, प्र आर लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, आर विपुल भावसार, मयंक व्यास, तुषार सिसोदिया एवं एफएसएल टीम की सराहनीय भूमिका रही।