
रतलाम, 11 अगस्त ( News SSR )। शहर के वार्ड क्रमांक 28, दिलीप नगर स्थित राजीव नगर स्थित वेयर हाउस के पास रहने वाला एक बुजुर्ग दंपत्ति इन दिनों अपने ही घर में कैद होने को मजबूर है। पड़ोसी द्वारा किए गए अतिक्रमण के चलते बुजुर्ग दंपत्ति का जीना मुहाल हो गया है। हैरानी की बात यह है कि कई बार शिकायत करने और नगर निगम के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण करने के बावजूद नतीजा ढाक के तीन पात ही रहा है।
फरियादी बद्रीलाल पांचाल ने बताया कि वे अपनी समस्या को लेकर कई बार पार्षद प्रतिनिधि से लेकर नगर निगम के अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं। आरोप है कि प्रतिनिधि और नगर निगम के इंजीनियर निरीक्षण करने तो आते हैं, शिकायत का ओटीपी (OTP) भी दर्ज कर लेते हैं और आश्वासन देकर लौट जाते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद कार्रवाई के नाम पर अब तक केवल खानापूर्ति ही हुई है।
बारिश में घर बन रहा तालाब
पीड़ित का कहना है कि पूर्व में 12 से 15 फीट चौड़ी सड़क थी, जिस पर ललित राठौर और पार्षद रमेश पांचाल द्वारा अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। स्थिति यह है कि अब घर से बाहर निकलने के लिए रास्ता तक नहीं बचा है। बद्रीलाल ने बताया कि सड़क पर हेडपंप होने के कारण जलभराव की समस्या बनी रहती है, जिससे बारिश का गंदा पानी उनके घर के अंदर तक घुस जाता है। बुजुर्ग दंपत्ति को रोजाना पानी साफ करने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। पास में ही मंदिर होने के कारण आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासनिक आश्वासन पर सवाल
फरियादी ने इस मामले में मुख्यमंत्री, संभाग आयुक्त और कलेक्टर को भी लिखित शिकायत दी है। कलेक्टर के निर्देश पर जनसुनवाई में भी मामला उठाया गया, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें ‘पुराने लेटर नहीं मिल रहे हैं’। बार-बार आवेदन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
अब बुजुर्ग दंपत्ति ने प्रशासन से फिर से गुहार लगाई है कि उनकी समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और अतिक्रमण हटाकर उन्हें राहत दिलाई जाए।