मध्यप्रदेश विधानसभा को डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

भोपाल( News SSR )। मध्यप्रदेश विधानसभा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और सदन की कार्यवाही को डिजिटल स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। देश के कई राज्यों की विधानसभाओं में ई-विधान प्रणाली के माध्यम से कार्य संचालन के क्रम में अब मध्यप्रदेश विधानसभा भी तकनीकी रूप से ई-विधान प्रणाली से संचालित होगी। इसी उद्देश्य से विधानसभा भवन स्थित विधान परिषद कक्ष में 28 अक्टूबर से विधायकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन रतलाम जिले के सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने प्रशिक्षण में भाग लेकर ई-विधान प्रणाली की कार्यप्रणाली एवं डिजिटल माध्यम से विधानसभा के कार्य संचालन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने वरिष्ठ विधायकों एवं विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री अरविंद शर्मा की उपस्थिति में किया। इस प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिदिन दो पालियों में 50-50 विधायकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि सभी विधायक नई तकनीकी प्रणाली से भली-भांति परिचित होकर इसका प्रभावी उपयोग कर सकें।
ई-विधान प्रणाली लागू होने से विधानसभा की कार्यवाही को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित, सुगम एवं तकनीक आधारित बनाने में सहायता मिलेगी। इसके माध्यम से विधायी दस्तावेजों और सदन से संबंधित कार्यों को डिजिटल माध्यम से संचालित करने की दिशा में प्रगति होगी। यह पहल कागज के उपयोग को कम करने तथा विधानसभा की कार्यप्रणाली को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार की प्रशिक्षण में सहभागिता मध्यप्रदेश विधानसभा की डिजिटल कार्यप्रणाली को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ई-विधान प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश की विधायी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के अनुरूप विकसित करने में मदद मिलेगी।