उज्जैन में तनाव :मस्जिद का हिस्सा हटाने के दौरान एक पक्ष विरोध में उतरा,पथराव,बल प्रयोग,आंसू गैस छोडी,निरीक्षक घायल

उज्जैन 28सितम्बर( News SSR ) सिंहस्थ की तैयारियों के तहत प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर उज्जैन में सोमवार सुबह शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने का काम आपसी सहमति से किया जा रहा था। इसके उपरांत एक पक्ष ने विरोध कर दिया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन पर टंकी चौक के पास जूटी भीड ने पथराव कर दिया। पथराव में क्राईम ब्रांच निरीक्षक पुष्पा पांचाल को हाथ में चोंट लगी है। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए आंसु गैस के गोले छोडे हैं। अधिकारियों के अनुसार स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है। शहर काजी खलिकुर्रहमान ने सहमति की पुष्टि करते हुए समाजजनों को घरों में रहने की अपील की है।

सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग को 15 मीटर चौडा किया जा रहा है। इस मार्ग पर खडे हनुमान,शाही मस्जिद सहित 9 धर्मस्थल आ रहे हैं। शाही मस्जिद का चौडीकरण में 2.9 मीटर हिस्सा आ रहा है। इसी को लेकर समाज के कुछ लोग उच्च न्यायालय इंदौर गए थे। एकल पीठ ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। रविवार देर मस्जिद पर बडी संख्या में समाजजन जूटे थे। रात में ही पुलिस एवं प्रशासन ने समाज से चर्चा की थी। इसमें कमेटी के लोगों के साथ शहर काजी भी शामिल थे। इसमें दोनों पक्षों की सहमति हटाए जाने वाले हिस्से को लेकर बनी थी। पूरे क्षेत्र में रात से ही जिला पुलिस बल,आरएएफ एवं क्यू आर एफ का भारी पुलिस बल तैनात है। सोमवार सुबह समाजजनों ने मस्जिद के अंदर से हिस्से को हटाने का काम शुरू किया था। इसी दरमियान पास ही स्थित टंकी चौक की और आई भीड ने आकस्मिक विरोध करते हुए पुलिस एवं प्रशासन पर नारेबाजी के साथ पथराव कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग में अश्रुगैस के आधा दर्जन गोले छोडे एवं भीड को तीतर –बीतर कर दिया। पथराव के दौरान कुछ महिलाओं को वहां से निकालने के प्रयास में क्राईम ब्रांच की निरीक्षक पुष्पा पांचाल के हाथ में चोंट लगी है। इसी के साथ समाजजनों के एक पक्ष ने इंदौर –कोटा नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया था। पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल पर जाकर उन्हें वस्तु स्थि‍ति से अवगत करवाते हुए आपसी सहमति की जानकारी दी तो वे भी अपने घरों को लौट गए ।

एसपी प्रदीप शर्मा ने मिडिया को घटनाक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि “2028 को लेकर सभी पक्ष आपस में मिलकर सहमति से काम कर रहे हैं। इसी क्रम में छत्रीचौक पर जो शाही मस्जिद है, उसको तोड़ने का काम किया जा रहा है। ये पूरी तरह से मस्जिद कमेटी के द्वारा ही किया जा रहा है। कल उनको समझाइश दी गई थी, उसी समझाइश के बाद ये काम आज किया जा रहा है। पुलिस ने पूरी तैयारी कर रखी है, पूरे एरिया में बल की तैनाती की गई है। कुछ जगहों पर भीड़ इकट्ठा करने का और तनाव पैदा करने का प्रयास किया गया था, जिनको हटा दिया गया है। कुछ जगहों पर पत्थर फेंकने का प्रयास किया गया, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, टियर गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। सभी जगह सीसीटीवी, ड्रोन लगाए गए हैं, उपद्रवियों को चिन्हित किया जा रहा है और बाद में कार्रवाई की जाएगी। कुछ जगह चक्का जाम करने का प्रयास किया गया था, समझाइश के बाद उनको खोल दिया गया है। पथराव में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है। पुलिस सुबह 4 बजे से ही पूरे इक्विपमेंट के साथ तैनात है।”

शहर काजी खलिकुर्रेहमान ने सोमवार को समाजजनों से अपील करते हुए कहा कि आप सभी से गुजारिश है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। मस्जिद का मसला रात को ही हल हो गया था और जो कमिटमेंट हुआ था वो काम पूरा हो रहा है। वो लोग अपना काम कर रहे हैं। इसलिए आप सभी से अपील है कि बेवजह बाजारों में न खड़े हों, बाजार की तरफ न जाएं, अपने घरों में रहें और अफवाहों की वजह से बाहर न निकलें।”

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मिडिया बयान में कहा कि दो हजार अठाईस में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होना है और जो बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे उनकी व्यवस्थाओं के लिए जो निर्माण कार्य चल रहे हैं, जो मार्गों का चौड़ीकरण चल रहा है, मास्टर प्लानिंग के हिसाब से सड़कों का चौड़ीकरण चल रहा है। सबसे अच्छी बात ये है कि सभी व्यक्ति, सभी धर्म समुदाय के लोग स्वतः इसमें अपना योगदान कर रहे हैं और उनके जो मकान, धर्मस्थल जो भी आ रहे हैं उनको स्वतः हटा रहे हैं।इसी के क्रम में छतरी चौक पर आज शाही मस्जिद का हिस्सा भी इनके समाजजनों के द्वारा स्वतः हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की अफवाह में न आएं और शांति व्यवस्था बनाए रखें।”

More From Author

सांदीपनि विद्यालय विनोबा रतलाम को फिक्की समर्थित ‘‘राष्ट्रीय अराइज अवॉर्ड’’ मिलने पर कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने दी शुभकामनाएं

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories