जन विश्वास प्राप्त कर जन विश्वास के कार्यों को किया जा रहा है : विधायक डॉ. पांडेय

रुपनिया डैम की मरम्मत के लिए 19.92 करोड़ रुपये स्वीकृत, 28 अक्टूबर को खुलेगा टेंडर

कलेक्टर एवं विधायक ने ग्राम रिंगनोद में जन विश्वास शिविर में सुनी आमजन की समस्याएं

रतलाम 16 अक्टूबर( News SSR ) मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत जावरा विकासखंड के ग्राम रिंगनोद में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, बड़ी संख्या में आमजन एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने कहा कि जन विश्वास प्राप्त कर जन विश्वास के कार्यों को किया जा रहा है। आमजन की कठिनाइयों को दूर करने के लिए शासन और प्रशासन मिलकर कार्य कर रहे हैं, जिसके सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं। असहाय एवं निर्बल व्यक्ति का सहारा बनने तथा ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों को सक्षम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से परिवारों को सशक्त बनाया जा रहा है और पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक डॉ. पांडेय ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है। मध्यप्रदेश के साथ-साथ रतलाम जिले में भी जन विश्वास शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से शिविरों में अपनी समस्याओं के साथ-साथ सुझाव भी देने का आह्वान किया।

रुपनिया डैम की मरम्मत के लिए 19.92 करोड़ रुपये स्वीकृत

शिविर में ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण, स्वच्छता, सूखे की समस्या, फसल बीमा, नहर से समय पर पानी नहीं मिलने, स्वामित्व योजना सहित विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत की गईं। ग्रामीणों द्वारा रुपनिया डैम की मरम्मत की मांग भी रखी गई। इस संबंध में जल संसाधन विभाग द्वारा बताया गया कि डैम की मरम्मत के लिए 19.92 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। कार्य के लिए 28 अक्टूबर को टेंडर खोला जाएगा, जिसके पश्चात शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

15 वर्षीय दिव्यांगजन शुभम का तुरंत आधार कार्ड बनाने के निर्देश

शिविर में 15 वर्षीय दिव्यांगजन शुभम से संबंधित समस्या भी सामने आई। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने संबंधित अधिकारियों को शुभम का आधार कार्ड तत्काल बनवाने के निर्देश दिए, ताकि उसे आवश्यक शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

उद्यम संवाद में उद्यमियों ने साझा किए अनुभव

शिविर के दौरान उद्यम संवाद भी आयोजित किया गया। संवाद में उद्यमी श्री संदीप राठौर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 10 लाख रुपये का ऋण लेकर कपासिया खली विक्रय का कार्य प्रारंभ किया। वर्तमान में उनका कारोबार करोड़ों रुपये के टर्नओवर तक पहुंच चुका है तथा उनके माध्यम से 10 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। उद्यमी श्री विकास प्रजापति, श्री मोहित लालवानी एवं सुश्री फरजाना बी. ने भी अपने-अपने उद्यम एवं अनुभव साझा किए।

More From Author

विद्यालय में शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण नहीं होने पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, डीईओ को जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश

महामंडलेश्वर स्वामी देवस्वरुपानंद जी, सांसद अनिता चौहान ने दी कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की मातुश्री को श्रद्धांजलि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories