जावरा : मृत गायों की हड्डियां लेकर घण्टाघर पर धरने पर बैठे हिन्दू संगठन (देखें वीडियो)

दोषियों के विरुद्ध कडी कार्यवाही के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

रतलाम,13 अगस्त ( News SSR )। जिले के जावरा में गौवंश की हड्डियों की तस्करी के आरोपों को लेकर हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओँ ने घण्टाघर चौराहे को जाम कर दिया। गौवंश तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर बडी संख्या में प्रदर्शनकारी,मृत गायों की हड्डियां लेकर घण्टाघर चौराहे पर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। करीब दो घंटे चले धरने के बाद अधिकारियों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किए जाने के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि जावरा के ट्रेचिंग ग्र्राउण्ड पर मृत गायों की हड्डियां बेची जा रही है। ट्रेचिंग ग्र्राउण्ड पर मृत गायों की हड्डियों को बोरियों में भर कर रखा गया है और इन्हे बेचा जाने वाला है। मृत गायों की हड्डियों का विडीयो भी वायरल होने लग गया था और कुछ लोग मृत गायों की हड्डियां भी वहां से लेकर आ गए थे। हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं को जब इस बात की जानकारी मिली तो बडी संख्या में कार्यकर्ता घण्टाघर चौराहे पर एकत्रित हो गए और गौवंश तस्करों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

हिन्दू कार्यकर्ताओं ने पहले तो नगर पालिका सीएमओ चन्द्रशेखर सोनी से इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की,लेकिन जब उनकी मांग नहीं मानी गई तो हिन्दू कार्यकर्ताओं ने मृत गायो की हड्डिया लेकर घण्टाघर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। यहां नपा सीएमओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सीएमओ दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैैं और इसी वजह से वे एफआईआर दर्ज कराने को राजी नहीं है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ट्रेचिंग ग्र्राउण्ड पर मृत गायों की हड्डियों के आठ बोरे भरे हुए देखे गए है। मृत गायों की इतनी भारी संख्या में हड्डियां कहां से आई? उनका आरोप था कि नगर पालिका की मिलीभगन से गौवंश को मारने और हड्डियों की तस्करी का काम किया जा रहा है।

घण्टाघर पर धरने की वजह से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पडा। प्रदर्शन की खबर मिलते ही जावरा सीएसपी युवराज सिंह ,टीआई दीपक मण्डलोई और नगर पालिका सीएमओ चंद्र शेखर सोनी मौके पर पंहुचे। उन्होने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हे समझाने का प्रयास किया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कडी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाईश के बाद प्रदर्शनकारी मान गए और करीब दो घण्टे से जारी धरना समाप्त कर दिया गया।

More From Author

जावरा कोर्ट का बड़ा फैसला: नाथूलाल हत्याकांड में पिपलोदा जनपद उपाध्यक्ष सुरेश जाट समेत 8 दोषियों को आजीवन कारावास

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories