ढाबे पर बिक रही थी ‘एमडी’ ड्रग्स, 5 ग्राम मादक पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार

​रतलाम, 30 जुलाई ( News SSR )। जिले के नामली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ढाबे की आड़ में न सिर्फ अवैध रूप से शराब पिला रहा था, बल्कि खुलेआम घातक एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स की बिक्री भी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 ग्राम एमडी जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय/अनुमानित बाजार कीमत लगभग पचास हजार रुपए बताई जा रही है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जावरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास ‘अपना ढाबा’ नाम से अवैध संचालन किया जा रहा था। इसका संचालक स्टेशन रोड, नामली निवासी लोकेश उर्फ लक्की पिता महेंद्र जाट (27 वर्ष) है। पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि इस ढाबे पर ग्राहकों को शराब परोसने के साथ-साथ एमडी ड्रग्स का सेवन और अवैध क्रय-विक्रय धड़ल्ले से किया जा रहा है।

​देर रात 2 बजे पुलिस की दबिश
सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे ढाबे पर अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आरोपी लोकेश को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 5 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

​थाना प्रभारी अमित कोली का कहना है कि आरोपी लोकेश का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल रिमांड के दौरान पुलिस उससे यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह यह ड्रग्स कहां से लाता था और इसके मुख्य नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।

More From Author

प्रदेश अध्यक्ष रणजीत सिंह ने बाल संत सुश्री कनक जी वैष्णव को धर्म दुपट्टा पहना कर किया सम्मान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *