
रतलाम, 23 अगस्त( News SSR )। शहर के समीप स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट पैराडाइज वैली में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जावरा के निजी स्कूल के छात्र और शिक्षक यहां छुट्टी के दिन पिकनिक मनाने पहुंचे थे, तभी पानी में डूबने से दो शिक्षकों और एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जावरा स्थित त्रिमूर्ति स्कूल (सरस्वती शिशु मंदिर परिसर से संबंधित म्यूजिक टीम) के लगभग 15 से अधिक छात्र-छात्राएं और 4 शिक्षक पिकनिक मनाने रतलाम के पैराडाइज वैली आए थे। आनंद के क्षणों के दौरान अचानक कुछ बच्चे गहरे पानी में समाने लगे। जिससे शिक्षक विजय गुचंद सिंह 52 वर्षीय निवासी जावरा, शिक्षक प्रिंस पिता तेजकरण 28 वर्षीय निवासी जावरा और छात्र हर्षित पाटीदार 13 वर्षीय निवासी ग्राम उपरवाड़ा जावरा की डूबने से मौत हो गई।
तीन अन्य बच्चों को बचाया गया
घटना के समय मची चीख-पुकार के बाद तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। मुस्तैदी दिखाते हुए पानी में डूब रहे तीन अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना में घायल छात्रा खुशी (पिता नंदलाल राठौर) 15 वर्षीय, अन्वेष 15 वर्षीय, सिद्धि 16 को इलाज के लिए तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद एक स्थानीय पत्रकार छात्रा को अपनी दो पहिया वाहन पर बैठाकर तत्काल अस्पताल पहुंचे, जिससे उसे समय पर उपचार मिल सका।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल सहित मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है।
पिकनिक का उत्साह पल भर में मातम में बदल गया। घटना की खबर फैलते ही परिजनों और जावरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।