इसरथूनी और धामनोद के बीच हादसा; गनीमत रही कि समय रहते बाहर निकल आए चालक और क्लीनर

रतलाम, 15 अक्टूबर ( News SSR )। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर रतलाम के समीप इसरथूनी और धामनोद के बीच आज दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से मुंबई की ओर जा रहा आलू की बोरियों से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे उतर गया और पुलिया के पास जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि गिरते ही ट्रक में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा वाहन जलकर खाक हो गया, हालांकि चालक और क्लीनर की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों की जान बाल-बाल बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के दौरान ट्रक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया था। वाहन के पुलिया के नीचे गिरते ही चालक और क्लीनर ने बिना वक्त गंवाए गाड़ी से बाहर छलांग लगा दी। इसके कुछ ही क्षणों बाद ट्रक में अचानक तेज आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। दुर्घटना में ट्रक में लदी आलू की बोरियां आसपास बिखर गईं।

घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे और आसपास के ग्रामीण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाने की पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसा किस वजह से हुआ।
क्या वाहन में कोई तकनीकी खराबी आई थी या चालक को झपकी आ गई थी। इसकी गहनता से जानकारी जुटा रही है।