रतलाम में इंसानियत शर्मसार: बेजुबान कुत्ते पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला, दोनों आंखें फोड़ीं; आरोपी अशरफ पर FIR दर्ज

​रतलाम,22 सितंबर ( News SSR )। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत डीजल शेड रोड पर क्रूरता और इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अशरफ नामक व्यक्ति ने एक बेजुबान कुत्ते को डंडे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और उसकी दोनों आंखें फोड़ दीं। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार (21 सितंबर 2026) शाम करीब 4:00 बजे की है। डीजल शेड रोड, पानी की टंकी के पास रहने वाले संजू भूरिया ने बताया कि वे अपने घर पर मौजूद थे, तभी बाहर कुत्ते के जोर-जोर से रोने और चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वे बाहर निकले, तो उन्होंने देखा कि पड़ोस में रहने वाला अशरफ मुसलमान एक 4 वर्षीय सफेद-भूरे रंग के कुत्ते पर डंडे से बेरहमी से वार कर रहा था।

​संजू और उनके साथी जीवन सूर्यवंशी ने जब अशरफ को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी और अधिक आक्रामक हो गया और कुत्ते को घसीटते हुए दूर ले गया। बाद में संजू और जीवन ने किसी तरह कुत्ते को अशरफ के चंगुल से छुड़ाया।

​सिर पर गंभीर चोटें, दोनों आंखें फूटीं
​बचाव के बाद जब प्रत्यक्षदर्शियों ने कुत्ते को देखा, तो उसकी हालत अत्यंत दयनीय थी। डंडे के हमले से कुत्ते का सिर फट गया था, खून बह रहा था और उसकी दोनों आंखें बुरी तरह से फूट चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत बेजुबान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।

​आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
​घटना की शिकायत दर्ज कराने संजू भूरिया अपने साथी अमित एंथोनी के साथ औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशरफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 325 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की जांच उप-निरीक्षक गिरधारी लाल परमार द्वारा की जा रही है।

​जनता और पशु प्रेमियों में आक्रोश
​इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों और जीव दया प्रेमियों में गहरा गुस्सा है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि बेजुबान जानवरों पर इस तरह की क्रूरता करने वालों को कड़ा सबक मिल सके।

More From Author

अल्‍पसंख्‍यक मोर्चे के नवनियुक्‍त प्रदेशाध्‍यक्ष द्वारा एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्‍यप से सौजन्‍य भेंट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories