रतलाम में घटला ब्रिज के नीचे लूट की योजना का मामला: अवैध हथियार रखने पर तीन आरोपियों को सजा, चार दोषमुक्त

रतलाम, 28 नवंबर ( News SSR )। अवैध हथियार रखने के मामले में सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव की अदालत ने तीन आरोपियों को कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने मुख्य आरोपी को दो साल और दो अन्य आरोपियों को एक-एक साल के कारावास से दंडित किया है, जबकि साक्ष्यों के अभाव में चार अन्य आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया गया।

​प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी कर रहे अपर लोक अभियोजक समरथ पाटीदार ने बताया कि मामला 2 अगस्त 2021 का है। औद्योगिक क्षेत्र थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी ओ.पी. सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे रोड स्थित घटला ब्रिज के नीचे कुछ बदमाश घातक हथियारों के साथ लूट व डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर मौके की घेराबंदी की और दबिश देकर पांच आरोपियों को धर दबोचा, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।

​तलाशी में मिले थे घातक हथियार
पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपियों की तलाशी ली, तो उनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस ने नया गांव (टेंकर रोड) निवासी कमलकिशोर पिता गोरधन मालवीय (25) के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस, गणेश नगर निवासी प्रवेश पिता सुरेश वर्मा कुमावत (25) से धारदार तलवार और राजगढ़ (नयागांव) निवासी प्रदीप पिता मांगीलाल दामोदर (26) से एक खटकेदार चाकू जब्त किया था। अन्य आरोपियों के पास से लाठी, प्लास्टिक पाइप, एक लोडिंग वाहन और बाइक भी जब्त की गई थी।

​अदालत का फैसला
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में चालान पेश किया। दोनों पक्षों के तर्क सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद न्यायालय ने पाया कि कमलकिशोर, प्रवेश और प्रदीप के पास से अवैध हथियार बरामद हुए हैं, जिन्हें रखने का उनके पास कोई वैधानिक लाइसेंस या अधिकार नहीं था। इस आधार पर कोर्ट ने आर्म्स एक्ट के तहत कमलकिशोर को दो वर्ष तथा प्रदीप और प्रवेश को एक-एक वर्ष के कारावास व अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं, इस मामले में नामजद मेघनगर निवासी अन्ना साठिया (45), रतलाम निवासी कालू साठिया (25), पंकज वर्मा कुमावत (25) और चिराग पटेल (25) को अदालत ने दोषमुक्त करार दिया है।

More From Author

नागरवास में 21 वां अन्नकूट महोत्सव व महाप्रसादी 1 दिसम्बर को

नगर निगम आयुक्त 650 फ्री नलजल कनेक्शन पर तत्काल कार्रवाई करें : कलेक्टर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories