
रतलाम, 04 अगस्त ( News SSR )
शहर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने सोमवार को एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। शहर विधायक चैतन्य काश्यप के निवास का घेराव करने और ज्ञापन सौंपने जा रहे NSUI कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन (पानी की बौछारों) का सहारा लेना पड़ा।
NSUI कार्यकर्ता ‘दो बत्ती’ चौराहे से पैदल मार्च निकालते हुए स्टेशन रोड स्थित शहर विधायक के निवास की ओर बढ़े। पुलिस ने स्टेशन रोड पर भारी बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, उग्र प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे मौके पर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

भारी पुलिस बल तैनात, वाटर कैनन से भीगे कार्यकर्ता व पुलिसकर्मी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के 15 से अधिक थाना प्रभारियों और भारी पुलिस बल को तैनात किया गया था। प्रशासनिक मोर्चे की अगुआई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, CSP सत्येंद्र घनघोरिया, SDM तरुण जैन और तहसीलदार कुलभूषण शर्मा कर रहे थे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम के फायर ब्रिगेड के माध्यम से पानी की तेज बौछारें (वाटर कैनन) छोड़ी गईं। आंदोलन इस कदर उग्र था कि पानी की बौछारों की चपेट में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मौके पर मौजूद पुलिस बल और NSUN कार्यकर्ता भी आ गए।
NSUI जिला अध्यक्ष हिरासत में, भारी नारेबाजी के बाद हुए रिहा
हंगामे के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए NSUI जिला अध्यक्ष निलेश शर्मा सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस बस में बिठा लिया। जिला अध्यक्ष की गिरफ्तारी से भड़के कार्यकर्ताओं ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रिहाई की मांग पर अड़ गए। कार्यकर्ताओं के बढ़ते आक्रोश और स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने जल्द ही निलेश शर्मा को रिहा कर दिया।

NSUI की मुख्य मांगें
NSUI ने विद्यार्थियों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा, जिनमें मुख्य एमबीबीएस इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाया जाए। छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज प्रकरण वापस लिए जाए। निजी विद्यालय एवं महाविद्यालय की फीस नियंत्रण व्यवस्था लागू की जाए। छात्रवृत्ति समय पर जारी की जाए एवं राशि बढ़ाई जाए। रोजगार के अवसर बढ़ाया जाए एवं नियमित भर्ती की जाए। विश्वविद्यालय सहायता केंद्र स्थापित किया जाए। वेबसाइट पाठ्यक्रमों के सरकारी महाविद्यालय स्थापित किया जाए। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम में छात्रावास का निर्माण कराया जाए। व्यापम घोटाले के निष्पक्ष जांच एवं नियमित भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए। सरकारी परीक्षाओं के केंद्र केवल सरकारी संस्थानों में बनाया जाए। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की जाए। शासकीय कन्या महाविद्यालय रतलाम के मूलभूत समस्याओं का समाधान किया जाए। प्रदेश के सभी महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव पुनः प्रारंभ किया जाए। जन भागीदारी समितियां में नियुक्तियां की जाए एवं छात्र प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक सप्ताह महाविद्यालय में छात्र सुनवाई आयोजित की जाए। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत स्वीकृत विषयों एवं प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाए। अन्य तहसीलों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए मासिक बस पास सुविधा प्रारंभ की जाए। जिले के सभी महाविद्यालय को वाई-फाई कैंपस बनाया जाए। रतलाम के शासकीय महाविद्यालय में नए व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जाए। सीएम राइस स्कूल के कारण बंद किया जा रहे हैं छोटे विद्यालय यथावत रखे जाएं। रतलाम जिले में गुणवत्ता पूर्ण एवं छात्र केंद्रित शिक्षा व्यवस्था को सुद्धरण करना से शामिल हैं।