
पिपलौदा। 26 नवंबर ( News SSR ) संविधान दिवस के अवसर पर पिपलौदा की नई आबादी स्थित संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर अजाक्स, भीम आर्मी एकता मिशन एवं अखिल भारतीय बलाई महासभा के संयुक्त तत्वावधान में “संविधान दिवस” गरिमामय ढंग से मनाया गया।कार्यक्रम में उपस्थित बाबा साहेब के अनुयायियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।इस अवसर पर अजाक्स के अंबाराम बोस ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष, सामाजिक चिंतन एवं विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करना और समाज में समानता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है।कार्यक्रम में अजाक्स के अंबाराम बोस, भीम आर्मी के जुझार बोस, अखिल भारतीय बलाई महासभा के बाबूलाल खरे, विकास गुजराती, दिनेश दडीग, अयाना, संजय बोस, प्रकाश यादव, बालाराम बोस, राजेश यादव, राधाकिशन परिहार, रतनलाल बोस सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं अनुयायी उपस्थित रहे।