35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

​चार माह पूर्व हुई थी शादी; बंद मकान से बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

रतलाम,22 जुलाई (​ News SSR )। औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत काटजू नगर (नगर सुधार न्यास) में आज बुधवार दोपहर ढाई बजे के लगभग एक बंद मकान में 35 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मृतक युवक की चार माह पूर्व ही शादी हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही पत्नी अपने मायके चली गई थी, जिसके बाद से युवक घर में अकेला रह रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुरेश उर्फ लखन पिता दर्शन कुमार चौहान (35) निवासी काटजू नगर (नगर सुधार न्यास, पहली मंजिल) के रूप में हुई है। बुधवार को आसपास रहने वाले लोगों को जब सुरेश के मकान से तेज बदबू आने लगी, तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी।

​दरवाजा खोला तो फंदे से लटक रहा था शव
सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने दरवाजा खोलकर भीतर प्रवेश किया, तो देखा कि सुरेश का शव कमरे में साड़ी से बने फांसी के फंदे पर लटक रहा था। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को नीचे उतारा और मर्ग कायम करते हुए पोस्टमार्टम के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

​शादी के 10 दिन बाद ही मायके चली गई थी पत्नी
आस-पड़ोस के लोगों ने बताया कि मृतक कबाड़ का काम कर अपना गुजर-बसर करता था। उसके माता-पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका है। सुरेश की शादी लगभग चार माह पूर्व 30 अप्रैल को नागदा की रहने वाली एक महिला से हुई थी। महिला की यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसे एक 15 साल की बेटी और 10 साल का बेटा है। बेटा पिता के पास रहता है, जबकि बेटी अपनी मां के साथ सुरेश के घर आई थी। शादी के महज 10 दिन बाद ही पत्नी अपनी बेटी को लेकर मायके चली गई थी और इसके बाद वापस नहीं लौटी।

​पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा स्थिति का खुलासा
गृह क्लेश या पत्नी के वापस न लौटने की मानसिक प्रताड़ना के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही समय और कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

More From Author

राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का स्टेशन रोड थाने पर उग्र प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

ढोढर-सुजापुर में बालिका छात्रावास बनेगा, 5 साल में शिक्षा के लिए 80 करोड़ से अधिक स्वीकृत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *