

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रतलाम पुलिस द्वारा हार्टफुलनेस संस्था के सहयोग से महिला पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं के लिए ध्यान एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शिविर का उद्देश्य महिला पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं को मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान, संतुलित जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान हार्टफुलनेस संस्था की ओर से शीतल शुक्ला एवं मनीषा अवस्थी द्वारा ध्यान (मेडिटेशन) के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। तथा उपस्थित महिलाओं को ध्यान की विधियों का प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान अभ्यास से मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है, तथा जीवन में सकारात्मकता आती है।
स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में डॉक्टर सुनीता वाधवानी एवं डॉक्टर स्वर्णा सरस्वती द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर, उसके लक्षण, बचाव के उपाय एवं टीकाकरण (वैक्सीनेशन) के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही महिला पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी के साथ संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में डॉक्टर शिफा तबिश द्वारा जानकारी दी गई।
इस अवसर पर, एम,एस,एम,ई, बैंक मैनेजर सुनीति मैथिली द्वारा महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय प्रबंधन एवं महत्वपूर्ण वित्तीय जानकारी के बारे में अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा जिला स्तर की बालिका खेल प्रतिभाओं को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया तथा महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। अंत में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए।
कार्यक्रम में श्री मति कनिका अग्रवाल, डीएफओ अनुभा त्रिवेदी, एडीएम शालिनी श्रीवास्तव, डीएसओ रुचि शर्मा, होमगार्ड कमांडेंट रोशनी बिलावल, एम,एस,एम,ई, बैंक मैनेजर सुनीति मैथिली, उप पुलिस अधीक्षक पल्लवी गौर, उप पुलिस अधीक्षक नीलम बघेल, उप पुलिस अधीक्षक अनिशा जैन, सूबेदार मोनिका सिंह चौहान, पत्रकार अदिति मिश्रा सहित महिला पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवार की महिलाएं उपस्थित रहीं।
रतलाम पुलिस द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
