
रतलाम | दिनांक 21/05/2026 ( News SSR )
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में रतलाम पुलिस द्वारा लगातार विशेष सड़क सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पूर्व में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री आनंद स्वरूप सोनी, एमपीआरडीसी, आरटीओ विभाग, टोल प्लाजा प्रबंधन, संबंधित एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों के साथ जिले के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों एवं दुर्घटना संभावित हॉट स्पॉट क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया था।

निरीक्षण के दौरान सातरुंडा चौराहा, रत्नागिरी, बिलपांक फंटा, सालाखेड़ी फंटा, सनावदा फंटा, खाचरोद फंटा, सेजावता फंटा, इप्का फैक्ट्री तिराहा, पंचेड़ फंटा, पलदूना फंटा, नामली गोकुल चाय तिराहा, भैंसा देवी फंटा, कांडरवासा एवं बड़ौदा फंटा सहित विभिन्न दुर्घटना संभावित स्थानों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे।

निर्देशों के पालन में लगातार जारी है सुधार कार्य–
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में यातायात पुलिस रतलाम द्वारा टोल कंपनी एवं एमपीआरडीसी के सहयोग से सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुधार कार्य लगातार करवाए जा रहे हैं। दुर्घटना संभावित एवं चिन्हित स्थानों पर वाहन चालकों को सतर्क करने हेतु चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालक पूर्व से सावधान होकर नियंत्रित गति से वाहन चला सकें।
इसके साथ ही हॉट स्पॉट क्षेत्रों में रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने, संकेतक व्यवस्था सुधारने एवं सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने की कार्रवाई भी निरंतर जारी है। यातायात पुलिस द्वारा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराया जा रहा है।