
रतलाम दिनांक 20 जून। ( News SSR )नीट की परीक्षा में जिले में 3358 विद्यार्थी प्रतिभागी होंगे। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देश पर सभी प्रकार की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। नीट परीक्षा का आयोजन शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय कॉलेज रोड, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सगोड रोड रतलाम , पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रतलाम, स्वामी विवेकानंद कॉमर्स कॉलेज बिरियाखेड़ी डोंगरे नगर रतलाम, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय दो बत्ती के पास रतलाम , रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल रेलवे कॉलोनी रतलाम , महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोठारीवास रतलाम , शासकीय पी एम श्री शबरी माता कन्या शिक्षा परिसर बरोठ माता मंदिर रतलाम , जवाहर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल विरिया खेड़ी रतलाम पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा के विषय में शेष जानकारी निम्नानुसार है।

NTA के निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर केवल निम्नलिखित दस्तावेज/वस्तुएँ साथ लाने की अनुमति होगी-
- एनटीए वेबसाइट से डाउनलोड किया गया प्रवेश पत्र (Admit Card), जिसमें निर्धारित स्थान पर पोस्टकार्ड आकार का फोटो चस्पा हो।
- कोई एक मूल, वैध एवं एक्सपायरी रहित अधिकृत फोटो पहचान पत्र, जैसे—पैन कार्ड, पासपोर्ट, आधार कार्ड, राशन कार्ड, छात्र पहचान पत्र।
- दो पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो।
- व्यक्तिगत पानी की पारदर्शी बोतल (वैकल्पिक)।
परीक्षा केन्द्र पर प्रतिबंधित वस्तुएँ-
अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर किसी प्रकार का स्टेशनरी आइटम, संचार उपकरण (मोबाइल, ब्लूटूथ आदि), हैंडबैग, बेल्ट, घड़ी, ब्रेसलेट, कैमरा, किसी भी प्रकार के गहने तथा किसी भी प्रकार का खाद्य एवं पेय पदार्थ (पानी की पारदर्शी बोतल को छोड़कर) ले जाने की अनुमति नहीं होगी।अभ्यर्थियों को ओएमआर उत्तर पत्रक पर आवश्यक विवरण भरने एवं उत्तर अंकित करने हेतु ब्लैक बॉल प्वाइंट पेन परीक्षा केन्द्र पर उपलब्ध कराया जाएगा।
महत्वपूर्ण सूचना
परीक्षा मध्याह्न 02:00 बजे से सायं 05:15 बजे तक आयोजित की जाएगी तथा इसकी कुल अवधि 03 घंटे 15 मिनट होगी
अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में प्रातः 11:00 बजे से प्रवेश प्रदान किया जाएगा। परीक्षा केन्द्र में अंतिम प्रवेश (गेट बंद होने का समय) : दोपहर 01:30 बजे (भारतीय मानक समय)।अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे एनटीए की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र (Admit Card) डाउनलोड कर अपने परीक्षा केन्द्र का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें तथा किसी भी असुविधा से बचने हेतु , प्रवेश पत्र में उल्लिखित रिपोर्टिंग टाइम स्लॉट के अनुसार निर्धारित परीक्षा केन्द्र पर समय से उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएँ
परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा समुचित सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण हेतु पर्याप्त पुलिस व्यवस्था के अतिरिक्त प्रत्येक केन्द्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं कार्यपालक दंडाधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल किट के साथ स्वास्थ्यकर्मी नियुक्त किए गए हैं।
गर्मी एवं बारिश के मौसम के दृष्टिगत प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के समीप अभिभावकों हेतु प्रतीक्षालय की व्यवस्था की गई है, जिसमें बैठने तथा पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अभिभावकों से अनुरोध है कि वे परीक्षा केन्द्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न करें तथा निर्धारित प्रतीक्षालय में शांति व्यवस्था बनाए रखे एवं प्रशासन का सहयोग करें। परीक्षा केन्द्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु विशेष प्रबंध किए गए हैं।