युवाओं, किसानों और उज्जैन भूमि प्रकरण पर कांग्रेस करेंगी चरणबद्ध आंदोलन : कांग्रेस ने प्रेस वार्ता में कहा।

रतलाम 03 जुलाई( News SSR )मध्यप्रदेश कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, उज्जैन भूमि प्रकरण और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध जनआंदोलन की घोषणा की है। आज बुधवार दोपहर सदैव 12 के लगभग रतलाम प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष करेगी।

नेताद्वय ने कहा कि प्रदेश में नीट और सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रभावित छात्रों को समय पर न्याय नहीं मिला, इसलिए कांग्रेस प्रदेशभर में “छात्रों की गूंज अभियान” चलाकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाएगी।

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। कई स्थानों पर खाद की कालाबाजारी, मनमाने दामों पर बिक्री और पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने सरकार से खाद वितरण व्यवस्था सुधारने और किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की।

प्रेस वार्ता में नेताओं ने उज्जैन भूमि प्रकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की। उनका कहना था कि यदि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराकर सभी तथ्य जनता के सामने रखे जाएं।

कांग्रेस ने महाकाल लोक परियोजना सहित अन्य सार्वजनिक निर्माण कार्यों में उठे सवालों तथा अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदों और कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पार्टी का कहना है कि ऐसे मामलों में पारदर्शिता से ही जनता और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहेगा।

सरकार से पूछे कई सवाल

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से उज्जैन भूमि प्रकरण, किसानों को खाद एवं बिजली की उपलब्धता, खाद की कालाबाजारी रोकने, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा महाकाल लोक परियोजना से जुड़े सवालों पर सार्वजनिक जवाब देने की मांग की।

भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए बनेगा डिजिटल पोर्टल

पार्टी ने घोषणा की कि जल्द ही एक विशेष डिजिटल पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां प्रदेश का कोई भी नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग और कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेज एवं जानकारी गोपनीय रूप से साझा कर सकेगा। सत्यापन के बाद तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।

यह रहे आंदोलन के प्रमुख कार्यक्रम

कांग्रेस के अनुसार प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जाएंगी, छात्रों की गूंज अभियान चलाया जाएगा, 14 से 15 जुलाई तक इंदौर से भोपाल ‘Gen Z Cyclothon’ निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री के प्रत्येक जिले के दौरे पर सार्वजनिक रूप से सवाल पूछे जाएंगे। 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा, जबकि जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर विशाल जनआंदोलन और रैली आयोजित होगी। साथ ही विधानसभा सत्र में भी इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

More From Author

स्कूल से घर लौट रही नाबालिग का अपहरण करने वाले आरोपी और महिला सहयोगी गिरफ्तार, 48 घंटे में बालिका बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories