11 जुलाई को रतलाम के दिव्य दर्शन भवन में ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी का प्रेरक उद्बोधन, प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को आमंत्रण

रतलाम। ( News SSR )प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मीडिया प्रभाग (RERF) के तत्वावधान में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के लिए स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शनिवार, 11 जुलाई 2026 को प्रातः 11:30 बजे दिव्य दर्शन भवन, डोंगरे नगर, रतलाम में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का मुख्य विषय “सकारात्मक मीडिया – सशक्त समाज की आधारशिला” रखा गया है। आयोजन का उद्देश्य मीडिया जगत से जुड़े प्रतिनिधियों को सकारात्मक पत्रकारिता, नैतिक मूल्यों और समाज निर्माण में मीडिया की रचनात्मक भूमिका के प्रति प्रेरित करना है।
इस अवसर पर माउंट आबू से पधार रही ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी, जो ज्ञानामृत की संयुक्त संपादक हैं, मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगी। वे सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक मूल्यों और जिम्मेदार मीडिया की भूमिका पर अपना प्रेरक उद्बोधन देंगी।
कार्यक्रम में दिव्य उद्बोधन, राजयोग मेडिटेशन तथा प्रभु प्रसाद का आयोजन भी रहेगा। आयोजकों ने प्रिंट मीडिया, टीवी मीडिया, रेडियो, डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, फोटोग्राफी एवं वीडियो एडिटिंग से जुड़े सभी मीडिया प्रतिनिधियों को सादर आमंत्रित किया है।
आयोजन की व्यवस्थाओं का दायित्व ब्रह्माकुमारी अनीता एवं ब्रह्माकुमारी सविता द्वारा संभाला जा रहा है। अधिक जानकारी के लिए आयोजकों ने 8770832600 पर संपर्क करने की अपील की है।
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय का यह आयोजन पत्रकारों के लिए केवल एक औपचारिक मिलन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा, सकारात्मक सोच और समाजहित में मीडिया की रचनात्मक भूमिका को नई दिशा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।