
रतलाम। 16 जुलाई।( News SSR )पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बुधवार को नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराधों की प्रवृत्ति और पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार लाल, एएसपी शहर राकेश पंद्रो, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी ग्रामीण किशोर पाटनवाला, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल, एसडीओपी आलोट सुश्री पल्लवी गौर, डीएसपी आजाक अजय सारवान, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी, डीएसपी सुश्री अनिशा जैन सहित जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में एसपी ने विगत बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति, गंभीर अपराधों की विवेचना, लंबित अपराध, लंबित मर्ग और अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी की समीक्षा की। जिन थाना क्षेत्रों में अपराधों में वृद्धि पाई गई, वहां कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान गंभीर संपत्ति संबंधी अपराध, आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ एवं अवैध शराब के खिलाफ अभियान, ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम/अपहृत नाबालिगों की दस्तयाबी और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष चर्चा हुई।
एसपी अमित कुमार ने दिए 8 प्रमुख निर्देश:
- लंबित अपराध: शीघ्र निराकरण हेतु विशेष टीमों का गठन किया जाए।
- सायबर ठगी: त्वरित कार्रवाई कर ठगी गई राशि होल्ड कराई जाए, आरोपियों की गिरफ्तारी हो और समय-समय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किए जाएं।
- महिला अपराध: त्वरित वैधानिक कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान चलाया जाए।
- नशे के खिलाफ: अवैध मादक पदार्थ और शराब तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
- शिकायत निराकरण: सीएम हेल्पलाइन और अन्य शिकायतों का संतोषजनक एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
- वारंटी: लंबित फरार एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।
- अपराधी निगरानी: आदतन अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए।
- जनसंवाद: सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में जनसंवाद आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनें।
बैठक के अंत में एसपी ने कहा, “अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों पर अंकुश लगाएं और जनता के साथ संवाद मजबूत करें।”