बस स्टैंड चौड़ीकरण मामले में नया मोड़: प्रशासन सख्त, एसडीएम-सीएमओ को किया जिम्मेदार

सैलाना। ( News SSR )नगर के बहुचर्चित बस स्टैंड चौड़ीकरण मामले में अब नया मोड़ आ गया है। विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के बाद प्रशासन ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सैलाना एसडीएम और नगर परिषद सीएमओ को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि बस स्टैंड की जर्जर दुकानों के गिरने से कोई जनहानि होती है तो इसकी सीधी जिम्मेदारी दोनों अधिकारियों की होगी।

42 लाख की योजना के तहत होना है चौड़ीकरण

जानकारी के अनुसार नगर परिषद ने वर्ष 1983 में निर्मित बस स्टैंड की 15 पुरानी दुकानों को हटाकर लगभग 42 लाख रुपये की लागत से बस स्टैंड चौड़ीकरण की योजना तैयार की थी। योजना के तहत पुराने दुकानदारों के लिए पीछे नई और बड़ी दुकानें बनाकर उन्हें लागत मूल्य पर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया था।

कुछ दुकानदार पहुंचे हाईकोर्ट

नगर परिषद के प्रस्ताव से असहमत कुछ दुकानदार हाईकोर्ट पहुंच गए थे। न्यायालय ने नगर परिषद सीएमओ को सभी प्रभावित दुकानदारों का पक्ष सुनने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ ने सभी दुकानदारों की सुनवाई कर उन्हें समझाया कि करीब छह माह में नई दुकानें बनाकर लागत मूल्य पर वापस उपलब्ध करा दी जाएंगी।

कुछ ने खाली की दुकानें, कुछ रहे असहमत

सुनवाई के बाद कुछ दुकानदार योजना से सहमत होकर अपनी दुकानें खाली कर चुके हैं और शटर तक हटा दिए हैं, जबकि कुछ अब भी सहमत नहीं हैं। इस बीच संबंधित शासकीय विभाग पहले ही इन दुकानों को जीर्ण-शीर्ण और असुरक्षित घोषित कर चुका है।

5 जुलाई को गिरा था छज्जा

5 जुलाई को खाली पड़ी दुकानों में से एक का छज्जा अचानक गिर गया। सौभाग्य से उस समय कोई वहां मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। 6 जुलाई को यह घटना प्रमुखता से समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ।

कलेक्टर कार्यालय ने दिए सख्त निर्देश

कार्यालय कलेक्टर (शहरी विकास), रतलाम द्वारा जारी पत्र में 6 जुलाई को विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का उल्लेख करते हुए सैलाना एसडीएम एवं सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें, आवश्यक निर्णय लें तथा ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जवाबदेही संबंधित एसडीएम और सीएमओ की होगी।

मौका मुआयना कर आगामी कार्यवाही की जाएगी

उधर सैलाना एसडीएम सुनील जायसवाल का कहना हैं कि दुकानों को लेकर पत्र प्राप्त हुआ हैं।इसके परिप्रेक्ष्य में बुधवार को सीएमओ के साथ मौका मुआयना कर आगामी निर्णय लिया जाएगा।

More From Author

बजरंग नगर में पादरी गैंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन: आधी रात को बोला धावा, 8 उपद्रवी राउंडअप

मूंग खरीदी, ई-टोकन व्यवस्था और नीट पेपर लीक के विरोध में किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्रियों के पुतले फूंके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *