रिमझिम बारिश के बीच भोले के भक्त निकले पैदल शिव के दरपर, जय भोले भक्त मंडल की विशाल पैदल यात्रा निकली

आलोट 10अगस्त ( News SSR ) । सावन माह के दूसरे सोमवार को सुबह तेज बारिश के बीच जय भोले भक्त मंडल के तत्वावधान में भगवान मनुनिया महादेव मंदिर से अनादि कल्पेश्वर महादेव मंदिर तक विशाल पैदल यात्रा निकाली गई। बारिश के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में भगवा ध्वज और जुबां पर भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में वातावरण शिवमय नजर आया।

जय भोले भक्त मंडल द्वारा यह पैदल यात्रा लगातार आयोजित की जा रही है और इस वर्ष यात्रा अपने 18वें वर्ष में प्रवेश कर गई। यात्रा का उद्देश्य आलोट क्षेत्र में भरपूर वर्षा, सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना के साथ भगवान अनादि कल्पेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की प्रार्थना करना रहा।

सुबह विठ्ठल मंदिर कारगिल चौराहा, विक्रमगढ़ से शिवभक्तों के लिए समिति द्वारा निशुल्क बसों की व्यवस्था की गई। बसों से श्रद्धालु मनुनिया महादेव मंदिर पहुंचे। यहां भगवान मनुनिया महादेव के दर्शन अभिषेक एवं पूजन के बाद सुबह करीब 10 बजे पैदल यात्रा अनादि कल्पेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना हुई।

यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। तेज बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुके। रास्तेभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। बारिश में भी भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

पैदल यात्रा के मार्ग में शिवभक्तों एवं समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह फरियाली खिचड़ी, केले, चाय एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। बारिश के बीच इन सेवा केंद्रों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। स्थानीय लोगों ने भी यात्रा का स्वागत करते हुए शिवभक्तों की सेवा की
यात्रा को लेकर जय भोले भक्त मंडल के सदस्यों ने पिछले दिनों शहर एवं आसपास के क्षेत्र में घर-घर जाकर शिवभक्तों को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। समिति के इस प्रयास का असर सोमवार को यात्रा में देखने को मिला और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल हुए।

जय भोले भक्त मंडल के संयोजक अनिल भरावा ने बताया कि मंडल द्वारा प्रतिवर्ष सावन में इस यात्रा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अच्छी वर्षा, सुख-शांति, समृद्धि तथा भगवान अनादि कल्पेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की कामना को लेकर यह धार्मिक यात्रा आयोजित की गई है।

इस अवसर पर संयोजक अनिल भरावा सहित संजय काला, विनय निगम मनीष पांचाल, अनिल चोपड़ा धीरेंद्र सिंह निगम ,रवि निगम, योगेश निगम, थान सिंह सिसोदिया, रामलाल सूर्यवंशी, मुकेश दुबे, परोक्ष भरावा, विमल गुप्ता, नीरज सोनगरा, अर्पित राठौर, पल्लव सोनी, राहुल पोरवाल, राहुल सोनी सहित मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।

More From Author

विश्व आदिवासी दिवस पर निकली भव्य रैली का शहर कांग्रेस कमेटी ने किया स्वागत

जावरा शहर पुलिस को नकबजनी में बड़ी सफलता, 2.37 लाख का माल बरामद, 03 आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories