
रतलाम,12अगस्त ( News SSR )। शहर में चोरी और झपट्टा मार जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना माणकचौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भरतपुर (राजस्थान) की एक शातिर महिला गैंग का पर्दाफाश कर 07 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व सोमवार को रतलाम निवासी फरियादी पुष्पा पोरवाल ने थाना माणकचौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात बदमाश उनके गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन लूटकर फरार हो गया। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 304(2) के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस की मुस्तैदी और कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार व राकेश पंद्रो और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और घेराबंदी कर भरतपुर (राजस्थान) की इस शातिर गैंग की 07 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार की गई सभी महिला आरोपी ग्राम रुदीकरण, थाना चिकसाना, जिला भरतपुर (राजस्थान) की रहने वाली हैं।
जांच के दौरान आपराधिक षड्यंत्र और गैंग की भूमिका स्पष्ट होने पर मामले में धारा 61(2) बीएनएस का इजाफा भी किया गया है। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे रतलाम व आसपास के अन्य जिलों में हुई झपट्टा मारी की वारदातों और इनके नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान थाना प्रभारी माणकचौक, उप निरीक्षक शांतिलाल चौहान, सहायक उप निरीक्षक गोरचंद परमार, प्रधान आरक्षक राजसिंह, विजय झोड़िया, मनोज चौधरी, रितेश पाटीदार, मुकेश ओसारी, महिला प्रधान आरक्षक कान्ता कटारा, आरक्षक अविनाश मिश्रा, हेमन्त यादव तथा महिला आरक्षक वर्षा पाटीदार, रीमा चंदेल, भारती पंवार व वर्षा कैथावस की सराहनीय भूमिका रही।