रतलाम में ईद-ए-मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान दुखद हादसा: तेज डीजे साउंड के बीच कांग्रेस पार्षद नासिर कुरैशी की हार्ट अटैक से मौत

​रतलाम,26अगस्त ( News SSR)। ईद-ए-मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर शहर में मुस्लिम समुदाय द्वारा निकाले जा रहे जुलूस के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। कुरैशी मंडी निवासी और क्षेत्र के कांग्रेस पार्षद नासिर कुरैशी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक (हृदयाघात) बताया है।

जानकारी के अनुसार, ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस आबकारी चौराहे से शुरू होकर मुख्य बाजार और पैलेस रोड से होते हुए शेरानी पुरा की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान जुलूस में शामिल पार्षद नासिर कुरैशी को अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन और आसपास मौजूद लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​तेज डीजे साउंड और कंपन से उठ रहे सवाल
घटना के दौरान जुलूस में शामिल डीजे के अत्यधिक तेज साउंड और उससे उत्पन्न होने वाले तीव्र कंपन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जुलूस में बड़े-बड़े साउंड सिस्टम और डीजे काफी तेज आवाज में बज रहे थे। आवाज का प्रभाव इतना तीव्र था कि आसपास की सड़कों और इमारतों में कंपन महसूस किया जा रहा था। जुलूस में शामिल युवा तक अपने कानों में उंगलियां डालकर चलते नजर आए। प्रशासन की ओर से ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने की तमाम कोशिशों के बावजूद तेज डीजे साउंड पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी।

​हर वर्ग के लोग थे शामिल, पुलिस बल मुस्तैद
इस जुलूस में पुरुष, बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे बड़ी संख्या में शामिल थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। हालांकि, तेज ध्वनि और भारी कंपन से सेहत पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को लेकर सुरक्षा इंतज़ाम अपर्याप्त साबित हुए। पार्षद की अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

More From Author

आगामी त्योहारों के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शहर की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने से ही समाज और राष्ट्र का विकास सम्भव :- विधायक डॉ पांडेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *