न्यू रोड स्थित गुजराती स्कूल के 6 छात्रों ने एक साथ बंक की थी क्लास
एसडीआरएफ की कार्यशैली से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने जताया कड़ा आक्रोश

रतलाम, 24 सितम्बर (News SSR )। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत हनुमान ताल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। न्यू रोड स्थित गुजराती स्कूल में पढ़ने वाले छह छात्र स्कूल बंक (तड़ी मार) कर यूनिफॉर्म और बैग सहित मस्ती करने हनुमान तालाब पहुंचे थे। तालाब में नहाने के दौरान 11वीं कक्षा का एक छात्र गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम घटला भटुनि निवासी मंगल पिता गजराज राजपूत (कक्षा 11वीं) अपने पांच अन्य साथियों—विशाल (10वीं), रोशन (12वीं), ऋतिक (11वीं), शिवराज (10वीं) और पृथ्वीराज (10वीं) के साथ सुबह स्कूल न जाकर हनुमान ताल पहुंच गया। सभी छात्र बैग किनारे रखकर नहाने पानी में उतर गए। पांच छात्र तो सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन मंगल गहरे पानी में जाने के कारण बाहर नहीं आ सका।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दी पुलिस को सूचना
मंगल को डूबता देख वहां मौजूद लक्की जैकप, जाकिर भाई और विनोद (निवासी सरवन) ने तुरंत मदद की कोशिश की। विनोद ने तालाब में उतरकर छात्र की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद लक्की और जाकिर ने औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची।

SDRF पर भड़के परिजन, ग्रामीणों ने 5 मिनट में निकाला शव
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब एक घंटे तक मशक्कत करने के बाद भी जब एसडीआरएफ की टीम छात्र को ढूंढने में विफल रही, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीआरएफ की टीम को रोककर खुद पानी में छलांग लगाई और महज 5 मिनट के भीतर मंगल को ढूँढकर बाहर निकाल लिया। परिजन तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने रेस्क्यू टीम की कार्यप्रणाली पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि एक घंटे तक सरकारी टीम असफल रही, जबकि ग्रामीणों ने कुछ ही मिनटों में छात्र को खोज निकाला। घटना के बाद से ही छात्र के गांव और परिजनों में शोक की लहर है।