गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: करमदी तालाब में डूबने से युवक की मौत, मदद की जगह मोबाइल से वीडियो बनाते रहे लोग

​होम गार्ड के जवान ने इंसानियत की मिसाल पेश की: अचेत महेश को अकेले कंधे पर लादकर गाड़ी तक पहुंचाया

​रतलाम।( News SSR ) शहर के माणक चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत करमदी (करौंदी) स्थित सूरजमल जैन तालाब में गणेश विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गहरे पानी में जाने और पैर फिसलने की वजह से सालाखेड़ी निवासी 21 वर्षीय महेश पिता रामा गरवाल की डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बीच जहां एक ओर आमजन संवेदनहीन बने रहे, वहीं होम गार्ड के जवान ने तत्परता दिखाते हुए इंसानियत का फर्ज निभाया


प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेश मूल रूप से रानीसिंह के पास ग्राम गरवाड़ा का रहने वाला था और वर्तमान में सालाखेड़ी स्थित एक निजी वेयरहाउस में परिजनों के साथ रहता था। शुक्रवार को वह अपने साथी विकास, सुमित और अन्य दोस्तों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए करमदी तालाब पहुंचा था। पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के लिहाज से तालाब पर कम गहराई वाला स्थान चिह्नित किया गया था, जहां टीआई विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में बल और गोताखोर तैनात थे। हालांकि, महेश और उसके साथी तय स्थान से अलग तालाब के गहरे हिस्से की ओर चले गए, जहां पैर फिसलने से महेश डूबने लगा। साथी विकास ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा।

​भीड़ बनाती रही रील, होम गार्ड जवान देवेंद्र सिंह राठौड़ ने अकेले उठाया कंधा
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से महेश को पानी से बाहर निकाला गया। वह अचेत अवस्था में था। हैरान करने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद दर्जनों लोग मदद के लिए आगे आने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाने और सोशल मीडिया के लिए रील शूट करने में व्यस्त रहे।

​ऐसी विकट स्थिति में होम गार्ड के जवान देवेन्द्र सिंह राठौड़ ने मिसाल पेश की। बिना किसी मदद का इंतजार किए अचेत महेश को अकेले ही अपने कंधे पर उठाया और दौड़ते हुए पुलिस वाहन तक पहुंचाया। वाहन से तत्काल उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

​परिवार का छोटा बेटा था महेश
घटना के बाद महेश के परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के पिता सालाखेड़ी के वेयरहाउस में चौकीदारी का काम करते हैं। महेश दो भाइयों में छोटा था। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

More From Author

छात्र छात्राओं ने बनाए मिटी के गणेश का आज विधि विधान से विसर्जन किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *