शराब के पैसे मांगने पर विवाद: बदमाश ने चाकू से हमला कर कई लोगों को किया घायल, मामला दर्ज

​रतलाम, 11 अक्टूबर( News SSR )। शहर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजना बस स्टैंड पर बीती रात शराब के पैसे मांगने की बात को लेकर एक युवक ने हंगामा खड़ा कर दिया। मना करने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें मध्यस्थता करने आए लोगों सहित कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी अनिल पिता रामचंद रोतेला (निवासी गवली मोहल्ला, बाजना बस स्टैंड) ने शनिवार देर रात पुलिस को शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि बीते दिन शनिवार की रात करीब 7:00 बजे नवरात्र पर्व के आयोजन को लेकर समिति के सदस्य रवि साल्वी, सुनील रोतेला, अजय रोतेला, उज्ज्वल रोतेला और आयुष रोतेला गवली मंदिर के सामने नारायण मार्केट के पास तैयारियों में जुटे थे।

​देर रात करीब 1:00 बजे धीरजशाह नगर निवासी आरोपी विकास यादव वहां पहुंचा और फरियादी से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब फरियादी ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।

​बीच-बचाव करने आए युवकों पर चाकू से हमला
​समिति के सदस्यों ने जब आरोपी को समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया। इसी दौरान पास में खड़ा तोसिफ अली बीच-बचाव करने आया। इस पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए तोसिफ अली के पेट में चाकू घोंप दिया।

​अंधाधुंध चाकूबाज़ी में फरियादी अनिल के बाएं हाथ, अजय रोतेला के सिर, सुनील रोतेला के पेट, आयुष रोतेला की नाक तथा उज्ज्वल रोतेला के दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद गोलू गवली और रवि साल्वी ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों की जान बचाई। जाते-जाते आरोपी आइंदा दिखने पर जान से खत्म करने की धमकी देकर भाग निकला।

​गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
​घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल तोसिफ अली, सुनील रोतेला और उज्ज्वल रोतेला को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रतलाम ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
​
​फरियादी अनिल की शिकायत पर दीनदयाल नगर पुलिस थाना द्वारा आरोपी विकास यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 296(b), 115(2), और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

More From Author

धर्मपरायण एवं समाजसेवी श्रीमती तेजकुंवरबाई काश्यप का निधन

महिला अधिवक्ता पर हनीट्रैप, ब्लैकमेल, जाली रजिस्ट्री और रेप केस की धमकी के गंभीर आरोप; डीजीपी व एसपी से एफआईआर की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *