पीएम श्री विद्यालय में व्यवस्था एवं कार्य असंतोषजनक
कलेक्टर एवं विधायक ने पीएम श्री विद्यालय रिंगनोद का किया औचक निरीक्षण

रतलाम 16 अक्टूबर( News SSR )मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत ग्राम रिंगनोद में आयोजित जन विश्वास शिविर के पश्चात कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया एवं जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने पीएम श्री एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगनोद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने विद्यालय भवन की स्थिति का अवलोकन किया। स्कूल में व्यवस्थाएं अच्छी तरह से ठीक नहीं पाई गई, स्कूल में कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया जिस पर नाराजगी भी व्यक्ति की गई। उन्होंने विद्यालय की जर्जर स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को नवीन भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक बजट प्राप्त होने के पश्चात आगामी कार्रवाई की जा सके।

कलेक्टर ने विद्यालय के पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। पुस्तकालय में उपलब्ध एवं वितरित की गई पुस्तकों की जानकारी लेते हुए उन्होंने विद्यालय में अब तक शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को पुस्तक वितरण की स्थिति की जांच कर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने पुस्तकालय में पुस्तकों को व्यवस्थित तरीके से संधारित रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुछ साइकिलों का वितरण शेष पाया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शेष साइकिलों का वितरण शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालय में पुस्तक वितरण की स्थिति को लेकर कलेक्टर श्री कटेसरिया एवं विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का समय पर लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।