गोला फेंक में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हासिल की उपलब्धि
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 21 हजार प्रदान किए गए

रतलाम 20 अक्टूबर( News SSR ) जिला खेल अधिकारी रुचि शर्मा ने बताया कि विकासखंड आलोट की ग्राम पंचायत कराडिया की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अनीषा निंबोला का चयन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी में हुआ है। गोला फेंक स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अनीषा ने यह उपलब्धि हासिल की है। उनके चयन से ग्राम कराडिया सहित पूरे आलोट विकासखंड में हर्ष का माहौल है।
खेलो एमपी एथलेटिक्स राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर खिलाड़ी अनीषा निंबोला को मध्य प्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 21 हजार प्रदान किए गए।
अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश शासन की ओर से उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने अनीषा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, विकासखंड आलोट के ब्लॉक समन्वयक दुर्गा शंकर मोयल ने बताया कि अनीषा ने मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। अनीषा अब तक चार बार शालेय एथलेटिक्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं तथा दो बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
अनीषा ने बताया कि उनकी खेल यात्रा में श्री बद्रीलाल बसेर, पीटीआई, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कराडिया, एवं श्री दुर्गा शंकर मोयल, ब्लॉक समन्वयक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, आलोट का विशेष योगदान रहा है। दोनों के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी में चयन एवं प्रवेश प्राप्त करने में भी उनके मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अनीषा की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से यह संदेश मिलता है कि मेहनत, समर्पण, नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। अनीषा के चयन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा।