स्कूटी सवार युवक पर अंधाधुंध फायरिंग, पीठ में लगी गोली; हालत गंभीर

​प्रेम-विवाह की रंजिश में जानलेवा हमला, जीआरपी व पुलिस जांच में जुटी

​रतलाम।( News SSR ) शहर के रेलवे स्टेशन-फ्रीगंज बायपास मार्ग (पुराने माल गोदाम रोड) पर सोमवार रात बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने स्कूटी से घर जा रहे एक युवक को पीछे से गोली मार दी। गोली युवक की पीठ में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज/जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, जूना कलालसेरी निवासी 28 वर्षीय सुनील प्रजापत पिता घनश्याम प्रजापत गुजरात के दाहोद स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में कार्यरत है। सोमवार रात वह दाहोद से ट्रेन द्वारा रतलाम स्टेशन पहुंचा था। स्टेशन से बाहर निकलकर वह अपनी स्कूटी से फ्रीगंज बायपास होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान बायपास से मुख्य फ्रीगंज जाने वाले टर्न के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उस पर निशाना साधते हुए पीछे से गोली चला दी।

​पुलिस व एफएसएल टीम ने किया मौका मुआयना
​घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और एफएसएल (FSL) की टीम भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को सड़क किनारे से एक खाली खोखा बरामद हुआ है। इसके अलावा नाले के पास लगे पतरे पर गोली के छेद का निशान मिला है, जिससे आशंका है कि गोली पतरे को भेदती हुई नाले की ओर निकल गई।

​कुछ महीने पहले किया था प्रेम-विवाह
​प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुनील ने तीन माह पूर्व ही प्रेम-विवाह किया था। पुलिस को आशंका है कि इसी प्रेम-विवाह से नाराजगी के चलते रंजिश में उस पर यह जानलेवा हमला किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिसमें दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं जिनकी पहचान की कोशिश जारी है।
​
“सूचना मिलते ही टीम ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में तीन महीने पूर्व हुए प्रेम-विवाह की रंजिश की बात सामने आ रही है। मामले के हर पहलू, सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की जा रही है।”
— सोहनलाल पाटीदार, थाना प्रभारी, जीआरपी रतलाम

More From Author

आलोट की अनीषा निंबोला का मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी में चयन

रतलाम में ज्वेलर्स दुकान में चोरी: चौमुखी पुल क्षेत्र स्थित भंडारी ज्वेलर्स को तीन नकाबपोश बदमाशों ने बनाया निशाना, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories