जम्मू-कटरा हाईवे पर हादसा, रतलाम के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

नो पार्किंग जोन में बिना इंडिकेटर खड़े ट्रक में घुसी कार, रियल एस्टेट कारोबारी, पत्नी और सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे ने मौके पर तोड़ा दम

रतलाम। ( News SSR ) हरियाणा के रोहतक में जम्मू-कटरा हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में रतलाम के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घिलोड़ गांव के पास सुबह करीब 6 बजे तेज रफ्तार कार नो पार्किंग जोन में बिना इंडिकेटर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में इंदिरा नगर निवासी रियल एस्टेट कारोबारी करमजीतसिंह सिद्धू (52), उनकी पत्नी पवनदीप कौर (49) और बड़े बेटे अमरेंद्र सिंह (23) की मौके पर ही मौत हो गई। अमरेंद्र पुणे की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और कार चला रहा था।

जानकारी के अनुसार परिवार गुरुवार रात करीब 10:30 बजे पंजाब के लुधियाना जिले के बिनझल गांव में भतीजी के जन्मदिन और अखंड पाठ में शामिल होने के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह परिवार के रिश्तेदारों को हादसे की सूचना मिली। कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई थी। हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला और तीनों को रोहतक के पीजीआईएमएस ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

ट्रक चालक गुरमेल सिंह निवासी बड़सीकरी खुर्द, जिला कैथल पर आरोप है कि उसने ट्रक को नो पार्किंग क्षेत्र में बिना किसी संकेत के खड़ा किया था। रोहतक पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन खड़ा करने का मामला दर्ज किया है।

परिवार में अब 18 वर्षीय छोटा बेटा गुरविंदर रह गया है, जो 12वीं कक्षा में पढ़ता है। हादसे के समय वह अपने दादा-दादी के साथ घर पर था। एक ही हादसे में माता-पिता और बड़े भाई को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

More From Author

न्यायोत्सव के माध्यम से जन-जन तक पहुंचा विधिक जागरूकता का संदेश, प्रतिभागियों को किया सम्मानित

जावरा फाटक हत्याकांड: मुख्य आरोपी साहिल को आजीवन कारावास, दो भाई दोषमुक्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories