स्टेशन रोड स्थित होटल में अवैध धंधे का आरोप, रहवासियों ने की सील करने की मांग

​दिलबहार चौराहा क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

​रतलाम, 25 नवंबर ( News SSR ) । व्यस्ततम दिलबहार चौराहा (स्टेशन रोड) क्षेत्र स्थित एक होटल में कथित रूप से चल रही अवैध गतिविधियों और अशांति को लेकर वार्ड क्रमांक 27 के रहवासियों एवं व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा है।

​आवेदन में रहवासियों और व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि दिलबहार चौराहा स्थित ‘होटल जैन’ में लंबे समय से अवैध धंधा संचालित हो रहा है, जहां 10 से 15 महिलाएं ग्राहकों को बुलाकर गलत व अश्लील कार्य करती हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, यहां ग्राहकों के साथ मारपीट व लूटमार जैसी घटनाएं तथा आए दिन झगड़े होते रहते हैं।

​ऑटो चालकों और आमजन को परेशानी का आरोप
आवेदन में यह भी कहा गया है कि क्षेत्र में खड़े ऑटो स्टैंड के चालकों के साथ भी कथित तौर पर विवाद किया जाता है और ऑटो हटाने व आग लगाने जैसी धमकियां दी जाती हैं। रहवासियों का कहना है कि पास में ही धार्मिक स्थल, विधायक का बंगला, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व यात्रियों का आवागमन रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है और धार्मिक प्रवृत्ति की महिलाओं का निकलना भी कठिन हो गया है।

​होटल सील करने की मांग
रहवासियों व व्यापारियों ने बताया कि पहले भी नजदीकी थाने में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि संबंधित होटल पर प्रशासनिक सील लगाकर अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति व सुव्यवस्था बहाल हो सके। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस व जिला प्रशासन की होगी।

More From Author

अवैध शराब तस्करी पर शिकंजा: 100 पेटी बीयर के साथ दो वाहन जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *