10 दिन बाद लूट का पर्दाफाश, ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड, तीन आरोपी गिरफ्तार

​रतलाम, 27 नवंबर ( News SSR )। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत सालाखेड़ी चौकी के पास महिंद्रा शोरूम के बाहर 8 लाख 15 हजार 510 रुपए की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इंदौर के व्यापारी के साथ हुई इस वारदात का मास्टरमाइंड उसी का ड्राइवर निकला। पुलिस ने ड्राइवर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 लाख 21 हजार रुपए नकद, वारदात में प्रयुक्त बाइक और अन्य सामग्री बरामद कर ली है।

​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि 19 नवंबर की रात फरियादी हर्षित पिता नरेंद्र चंदाना सिंधी (34), निवासी इंदौर ने स्टेशन रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह रतलाम, नीमच, मंदसौर, जावरा, कुक्षी, मनावर और अलीराजपुर क्षेत्र में कन्फेक्शनरी मार्केटिंग का व्यवसाय करता है। कलेक्शन की राशि लेने के लिए वह अपने ड्राइवर के साथ दोस्त की कार (MP 09 DJ 9076) से निकला था। मंदसौर-नीमच से 8 लाख 15 हजार 510 रुपए का कलेक्शन लेकर रतलाम होते हुए इंदौर लौटते समय महू-नीमच रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश छीनझपट कर रुपयों से भरा बैग लूट ले गए थे।

​सीसीटीवी और कॉल डेटा से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर करीब 150 से 200 किलोमीटर के दायरे में लगे 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद से घटनास्थल का डेटा जुटाया। जांच के दौरान ड्राइवर गजानन उर्फ गोलू भिड़े के जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ।

​पुलिस की जांच में सामने आया कि ड्राइवर गजानन के संपर्क में इंदौर निवासी चेतन (26), निवासी द्वारकापुरी और राजकुमार पिता जीवन गायकवाड़ (37), निवासी बिजलपुर हैं, जो अक्सर साथ उठते-बैठते थे। घटना के समय दोनों के अपने घरों से गायब होने की जानकारी भी मिली। संदेह के आधार पर पुलिस ने चेतन और राजकुमार को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने ड्राइवर गजानन के साथ मिलकर लूट की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।

​इंडिकेटर के इशारे पर दी वारदात को अंजाम
एसपी अमित कुमार के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से दो दिन पहले लूट की योजना बनाई थी। पहले जावरा में वारदात को अंजाम देने का प्लान था, लेकिन व्यापारी के वहां नहीं रुकने से योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद बाइक सवार आरोपी कार का पीछा करते रहे। तय योजना के तहत रतलाम में कार के रुकने पर ड्राइवर ने इंडिकेटर देकर इशारा किया, जिसके बाद बाइक सवार आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

​पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 लाख 21 हजार रुपए नकद, काले रंग का बैग, कलेक्शन संबंधी दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक (MP 09 आगे 8246) जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटी गई राशि में से कुछ हिस्सा उन्होंने उधारी के लेनदेन में खर्च कर दिया। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी अमित कुमार ने बधाई दी है।

More From Author

संविधान दिवस मनाया एवं प्रस्तावना की शपथ दिलाई

केंद्रीय एमएसएमई मंत्री मांझी से मंत्री काश्यप ने की सौजन्य भेंट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *