उज्जैन में खूनी संघर्ष: दो भाइयों की हत्या, मुख्य आरोपी पुलिस शॉर्ट एनकाउंटर में ढेर; 5 गिरफ्तार

उज्जैन, 19 जुलाई( News SSR / ब्रजेश परमार)। उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद एक्शन में आई उज्जैन पुलिस ने रविवार को मुख्य फरार आरोपी नरेश पासी को एक शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इस मामले में अब तक एक महिला सहित कुल 5 आरोपियों को दबोच लिया है।

पुलिस के अनुसार, पासी और गोरकर परिवार के बीच बीते होली के त्योहार पर एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार देर रात नीलगंगा चौराहा के पास गली में एक फूड रेस्टोरेंट के सामने दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने लाठी, डंडों, तलवार और पत्थरों से गोरकर परिवार पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने इसके बाद ताबड़तोड़ चार राउंड फायर किए। गोली लगने से लोकेश गोरकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके भाई जय और दिलीप समेत परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे जय गोरकर ने भी रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

रविवार को एक्शन: फरार मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर
दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। रविवार को पुलिस को मुख्य आरोपी नरेश पासी की लोकेशन मिली।

घेराबंदी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शॉर्ट एनकाउंटर किया। मुठभेड़ में मुख्य आरोपी नरेश पासी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है।

एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पाराशर ने बताया, “क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, उन्हें भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें; सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

More From Author

अजाक्स भवन भोपाल में कथित अवैध कब्जे के विरोध में कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

मेडिसीन और सेवा का संगम: मेडिकल कॉलेज रतलाम में 1 अगस्त को लगेगा ‘जीवनधारा शिविर’, तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories