करणी सेना कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर उबाल: जीवन सिंह शेरपुर के आह्वान पर राजपूत बोर्डिंग में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, दी चक्काजाम की चेतावनी।

बैरिकेडिंग तोड़ राजपूत बोर्डिंग पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता, कलेक्टर व एसपी ने संभाला मोर्चा

​रतलाम, 12 नवंबर ( News SSR )। यूजीसी (UGC) के विरोध में शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग हाउस में बुधवार को एकजुट हुए राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकवाना सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को जिले में माहौल गरमा गया। करणी सेना परिवार के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर के आह्वान पर गुरुवार को सैकड़ों कार्यकर्ता राजपूत बोर्डिंग हाउस में एकत्रित हुए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मोर्चा संभाले रहे।

उल्लेखनीय है कि करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकवाना के आह्वान पर बुधवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग हाउस में जमा हुए थे और रैली के रूप में राजधानी भोपाल के लिए रवाना होने वाले थे। इसी दौरान पूर्व अनुमति नहीं होने और पुलिस की समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर प्रशासन ने महिपाल सिंह मकवाना सहित करीब 40 से 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था। गुरुवार सुबह पुलिस ने सभी से बाउंड ओवर भरवाकर उन्हें मध्य प्रदेश की सीमा से बाहर राजस्थान के निम्बाहेड़ा क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया।

​बैरिकेडिंग के बावजूद बोर्डिंग हाउस पहुंचे कार्यकर्ता
राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही जिला अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से गुरुवार को सभी कार्यकर्ताओं को राजपूत बोर्डिंग पहुंचने का आह्वान किया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने बोर्डिंग हाउस के चारों ओर बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए थे, इसके बावजूद सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता वहां पहुंचने में सफल रहे। मौके पर कलेक्टर अजय कटेसरिया, एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रो, विवेक कुमार लाल, डीएसपी किशोर पाटनवाला, एसडीएम तरुण जैन, तहसीलदार सहित कई थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

मीडिया से चर्चा करते हुए करणी सेना के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर ने प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। शेरपुर ने कहा कि प्रशासन ने महिपाल सिंह को रिहा करने की बात कही थी, लेकिन जब उनसे फोन पर बात हुई तो पता चला कि उन्हें जेल से निकालकर ‘कार अरेस्ट’ कर लिया गया है और पुलिस वाहन उन्हें जबरन राजस्थान ले जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि महिपाल सिंह कोई जिलाबदर या प्रदेशबदर अपराधी नहीं हैं, वे हमारे मेहमान हैं और उनकी गाड़ी व चाबी भी यहीं बोर्डिंग में है, उन्हें यहां आने दिया जाए।

​प्रदेश व देशव्यापी चक्काजाम की चेतावनी
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि महिपाल सिंह और सभी गिरफ्तार साथियों को ससम्मान रिहा कर बोर्डिंग हाउस नहीं लाया गया, तो पूरे प्रदेश में चक्काजाम किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो यह आंदोलन पूरे देश में होगा। उन्होंने बताया कि सभी कार्यकर्ता आगे की यात्रा के निर्णय को लेकर ही एकत्रित हुए हैं, जिसका नेतृत्व महिपाल सिंह मकवाना को करना है।

​प्रशासन पर भेदभाव का आरोप
शेरपुर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर हजारों कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को रोक रखा है। उन्होंने कहा कि पुलिस जाति और समाज पूछकर लोगों को रोक रही है, जिससे अस्पताल और स्कूल जाने वाले आम लोग भी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जाति पूछकर लोगों को रोकेगा, तो हम भी गांवों में नेताओं की पार्टी पूछकर उन्हें प्रवेश देने से रोकेंगे।

More From Author

​जावरा के पास अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग में घुसी कार, 13 वर्षीय भाई और 6 वर्षीय बहन की दर्दनाक मौत; माता-पिता घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Categories