गर्भवती गाय चोरी कर काट खाने का सनसनीखेज मामला: भील पंचायत में आरोपियों ने कबूला जुर्म, मामला दर्ज

​रतलाम 22 अक्टूबर ( News SSR )। जिले के बाजना थाना क्षेत्र अंतर्गत भोजपुरा / हलकारा खुर्द ग्रामीण अंचल में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ चोरों ने घर के बाहर बंधी एक गर्भवती गाय चोरी कर ली और बाद में उसे काटकर खा गए। इस बात का खुलासा भील पंचायत की बैठक में हुआ, जहाँ आरोपियों ने पंचों और पीड़ित के सामने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
​
​भोजपुरा निवासी फरियादी (किसान) के अनुसार, उनके पास खेती-किसानी के साथ दो बैल और तीन गायें हैं। गत 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:00 बजे उनकी एक गर्भवती गाय, जिसे बच्चा देने में लगभग एक महीना बाकी था, घर के बाहर बंधी हुई थी। रात में जब फरियादी और उनके माता-पिता खाट पर सो रहे थे, तभी अज्ञात बदमाश गाय चुरा ले गए।

​तलाश में हलकारा खुर्द पहुंचे परिजन
​गाय की तलाश करते हुए 17 अक्टूबर को फरियादी अपने भाई मांगीलाल और हितेश के साथ ग्राम हलकारा खुर्द पहुंचे। वहां उन्होंने वालु पिता नारजी मईडा, दिनेश पिता दोलसिंह मईडा और मंगलु पिता खुमचंद हारी से पूछताछ की। शुरुआत में वालु ने गुमराह करते हुए कहा कि वह अपनी लड़की के गांव कुंदनपुर से बैल लाया है, गाय नहीं। हालांकि, जब परिजनों ने कुंदनपुर जाकर पड़ताल की, तो वहां के लोगों ने बताया कि वालु कोई बैल लेकर नहीं गया है।

​भील पंचायत में कबूला जघन्य अपराध
​संदेह होने पर 18 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 के बीच ग्राम हलकारा खुर्द में भील समाज की पंचायत बुलाई गई। इस पंचायत में भेरीया पिता दीत्या मईडा, कान्तु पिता मडिया निनामा, पप्पू पिता मांगू मईडा और मंगला पिता वक्का खराडी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
​पंचायत में जब पंचों ने सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी वालु मईडा, दिनेश मईडा और मंगलु हारी ने स्वीकार किया कि 16 अक्टूबर की रात वे ही घर के बाहर से गर्भवती गाय चुराकर ले गए थे।

​”गाय के बदले 2 गाय देंगे”, मना करने पर बोले— “काटकर खा गए”
​आरोपियों ने पंचायत में मामला रफा-दफा करने के लिए चोरी गई गर्भवती गाय के बदले दो गायें देने का प्रस्ताव रखा। लेकिन जब फरियादी ने साफ मना करते हुए अपनी वही गाय वापस मांगी, तो आरोपियों ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि “अब वह गाय नहीं मिल सकती, उसे तो हम काटकर खा गए हैं।”

​लगभग 25 हजार रुपये बताई गई कीमत
​चोरी गई गर्भवती गाय की अनुमानित कीमत लगभग 25,000 रुपये बताई गई है। पंचायत में जुर्म कबूल होने और गाय की हत्या की बात सामने आने के बाद पीड़ित ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

More From Author

बजरंग नगर में महिला ने लगाई फांसी, अज्ञात कारणों के चलते उठाया खौफनाक कदम; पुलिस जांच में जुटी

स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु यातायात पुलिस जावरा की सघन जांच एवं वैधानिक कार्रवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories