
रतलाम, 10 जुलाई। ( News SSR ) गीता मंदिर रोड स्थित गीता मंदिर ट्रस्ट के तत्वाधान में शुक्रवार को एकादशी संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित इस भक्तिमय संकीर्तन में प्रसिद्ध भजन गायक पं गोपाल कृष्ण शर्मा ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान पं. शर्मा ने “गुण अवगुण सब तेरे अर्पण, बुद्धि सहित मन तेरे अर्पण, यह जीवन भी तेरे अर्पण, पाप-पुण्य सब तेरे अर्पण” तथा “कन्हैया ले चल परली पार, जहां बिराजे अलबेली सरकार” जैसे भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को कृष्णमय बना दिया। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर महिला एवं पुरुष श्रद्धालु भक्ति भाव से झूम उठे और नृत्य करते हुए भगवान श्रीकृष्ण को रिझाने का प्रयास किया।

संकीर्तन में वीरेंद्र वाफगावकर, संजय व्यास, दीपक पुरोहित, हरीश रत्नावत, गोवर्धन रेडा, राहुल सोनी, डॉ. पी.के. पुरोहित, किरण व्यास, संतोष सेठिया, लीना ठक्कर, नीतू व्यास, रेणु व्यास, उमा पुरोहित सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

गीता मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि अगला एकादशी संकीर्तन 25 जुलाई (शनिवार) को देवशयनी एकादशी के अवसर पर दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह किया गया है।